विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में दो दिन में दूसरी बार कुणाल घोष पर हमला, हथौड़े से कार का शीशा थोड़ा 

Published: Sun, 27 Sep 2026 05:48 PM (IST)

कोलकाता में तृणमूल विधायक कुणाल घोष की कार पर 24 घंटे के भीतर दूसरी बार हमला हुआ। रविवार को फूलबागान-नारकेलडांगा में हथौड़े से शीशा तोड़ा गया।

दो दिन में दूसरी बार कुणाल घोष पर हमला।

दो दिन में दूसरी बार कुणाल घोष पर हमला।

HighLights

  1. तृणमूल विधायक कुणाल घोष की कार पर दो दिन में दूसरा हमला।

  2. कोलकाता में हथौड़े से कार का शीशा तोड़ा गया, सुरक्षाकर्मी पर बंदूक तानी।

  3. भाजपा ने आरोपों को नकारा, हमले को घोष का नाटक बताया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के फूलबागान-नारकेलडांगा इलाके में रविवार को ममता तृणमूल के विधायक कुणाल घोष के वाहन पर फिर हमला किया गया। यह 24 घंटे के भीतर उनकी कार पर हमले की दूसरी घटना है। शनिवार को हुगली के उत्तरपाड़ा में भी उनकी कार पर पत्थर और अंडे फेंके गए थे।

कुणाल घोष के अनुसार, वह बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार लोगों के एक समूह ने उनकी कार को घेर लिया और हथौड़े से शीशा तोड़ दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों में से एक ने उनके सुरक्षाकर्मी की ओर बंदूक तान दी। घटना के बाद घोष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

घोष ने पत्रकारों को कार के टूटे शीशे के टुकड़े दिखाते हुए कहा कि शनिवार के बाद रविवार को फिर उन्हें निशाना बनाया गया। शनिवार को वह पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सभा में शामिल होने के लिए श्रीरामपुर जा रहे थे, तभी उत्तरपाड़ा में उनकी कार पर पथराव और अंडे फेंके गए थे।

भाजपा ने आरोपों से किया इनकार

उत्तरपाड़ा की घटना के बाद घोष क्षतिग्रस्त कार लेकर कोलकाता स्थित भवानी भवन पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत की थी। घोष ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा शासन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है।

वहीं, उत्तरपाड़ा के भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने शनिवार की घटना को घोष का नाटक बताया था।

भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने आरोप लगाया कि घोष खुद तृणमूल कार्यकर्ताओं को उकसाकर हमले करवा रहे हैं और उनकी पार्टी का इसमें कोई हाथ नहीं है। रविवार की घटना में भी जिम्मेदारी को लेकर पुलिस की ओर से तत्काल कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।