विश्वकर्मा पूजा पर भगवा रंग में रंगेगा कोलकाता का आसमान, ‘जय श्रीराम’ के नारे लिखी पतंगों की धूम
कोलकाता में विश्वकर्मा पूजा पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर और 'जय श्रीराम' लिखे भगवा रंग के पतंगों की भारी मांग है।

विश्वकर्मा पूजा पर भगवा रंग में रंगेगा कोलकाता का आसमान।
HighLights
विश्वकर्मा पूजा पर कोलकाता में भगवा पतंगों की जबरदस्त मांग।
प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर और 'जय श्रीराम' लिखे पतंग खूब बिके।
दुर्गा पूजा में 20 हजार सिविक वॉलंटियर भगवा पोशाक में होंगे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। विश्वकर्मा पूजा पर कोलकाता के पतंग बाजार पर भगवा रंग चढ़ गया है। दुकानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और ‘जय श्रीराम’ के नारे लिखे भगवा रंग की पतंगें सजी हैं। विश्वकर्मा पूजा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का संयोग होने से इन पतंगों की काफी मांग है।
हाथीबागान इलाके के थोक पतंग विक्रेता शुभजीत गराई ने कहा कि उनका लगभग सारा स्टॉक बिक चुका है। वहीं बेलघरिया इलाके के अबीर सोम नामक पतंग विक्रेता ने बताया कि लोग भगवा पतंग खूब पसंद कर रहे हैं। उन्होंने गुजरात से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीर वाली तथा जय श्रीराम लिखीं भगवा पतंगों की बड़ी खेप मंगवाई है।
पिछले कुछ वर्षों में धार्मिक हस्तियों, राजनेताओं और लोकप्रिय चेहरों की तस्वीर वाली पतंगों की मांग बढ़ी है। वहीं महादेव सरकार ने बताया कि पहले ग्राहक चमकीले रंग और अलग-अलग डिजाइन वाली पतंगें पसंद करते थे, लेकिन अब तस्वीरों और संदेशों वाली पतंगों की मांग मांग बढ़ी है। भगवा रंग की पतंगों की मांग सबसे अधिक है।
भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी भगवा रंग व पीएम मोदी की तस्वीर वाली पतंगों के लिए बड़े पैमाने पर ऑर्डर दिया है। विश्वकर्मा पूजा के दिन उन्हें विभिन्न जगहों पर बच्चों में बांटने की भी योजना है। मालूम हो कि कोलकाता समेत बंगाल के विभिन्न जिलों में विश्वकर्मा पूजा पर पतंग उड़ाने की परंपरा है।
भगवा रंग की पोशाक में दुर्गापूजा की भीड़ संभालेंगे सिविक वॉलंटियर
दुर्गापूजा के दौरान कोलकाता की सड़कों पर भीड़ संभालने वाले 20 हजार सिविक वॉलंटियरों की पोशाक का रंग भगवा होने जा रहा है। इस बाबत कोलकाता पुलिस ने 89 लाख रुपये की निविदा जारी की है। नई पोशाक में भगवा रंग की पूरी आस्तीन वाली कमीज और टोपी होगी। 12 हजार गहरे भवा और आठ हजार हल्के भगवा रंग की पोशाक तैयार की जाएंगी।
सिविक वॉलंटियरों की दुर्गापूजा की तृतीया से दशमी तक महत्वपूर्ण चौराहों, मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश व निकास द्वारों तथा भीड़भाड़ वाले रास्तों पर तैनाती होगी। भारी भीड़ में उनकी आसानी से पहचान हो सके, इसलिए भगवा रंग चुना गया है।
सिविक वॉलंटियर पुलिस के साथ समन्वय करते हुए भीड़ और यातायात को नियंत्रित करेंगे। वे राहगीरों की सहायता करने, पानी की व्यवस्था करने और चिकित्सा आपात स्थिति में सहयोग करने के साथ महिलाओं से छेड़छाड़ और अन्य अवांछित घटनाओं को रोकने में भी पुलिस की मदद करेंगे।
