विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: महिला ने दुष्कर्म-छेड़छाड़ के दर्ज करवाए थे 11 मुकदमे, अब रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:07 PM (IST)

कोलकाता में 11 दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले दर्ज कराने वाली एक महिला को रंगदारी व धमकी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के अलग-अलग थानों में दुष्कर्म और छेड़छाड़ समेत गंभीर आरोपों में 11 प्राथमिकी दर्ज कराने वाली संतोषपुर निवासी एक महिला को पुलिस ने रंगदारी और धमकी के मामले में गिरफ्तार किया है। पंचसायर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार किया। उसे शनिवार को अलीपुर अदालत में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने पिछले करीब चार वर्षों में कोलकाता के गोल्फग्रीन, जादवपुर, रीजेंट पार्क, सर्वे पार्क, रवींद्र सरोवर और कस्बा समेत कई थानों में अलग-अलग लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। इन मामलों में दुष्कर्म, महिला की गरिमा भंग करने, मारपीट, धमकी और अन्य धाराएं लगाई गई हैं।

उपलब्ध मामलों के विवरण के अनुसार, इनमें चार से अधिक दुष्कर्म की शिकायतें एक वर्ष के भीतर दर्ज कराई गई थीं। मामलों की संख्या और प्रकृति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका नारायण भारद्वाज की संस्था एकम न्याय फाउंडेशन ने 14 सितंबर को पुलिस महानिदेशक और कोलकाता पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित करने का अनुरोध किया था।

अदालत के निर्देश पर रंगदारी का मुकदमा

इस बीच, एक चिकित्सक ने महिला के विरुद्ध धमकी देकर रंगदारी मांगने और गंभीर अपराध के आरोप में फंसाने का भय दिखाने की शिकायत की थी। इस मामले में नौ अप्रैल 2026 को अलीपुर की अदालत के निर्देश पर पंचसायर थाने में बीएनएस की धारा 308(7) और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसके बाद एक जिम कर्मचारी ने भी सर्वे पार्क थाने में महिला के विरुद्ध धमकी, मारपीट और रंगदारी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने अब रंगदारी और गंभीर धमकी से जुड़े इसी सिलसिले में कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में होनी है।