Kolkata : दुआरे-दुआरे सरकार अभियान को लेकर तृणमूल के दो गुटों में संघर्ष, घटना के बाद इलाके में भारी तनाव
संघर्ष-विशाल पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को किया नियंत्रित। गत एक दिसंबर से ममता सरकार ने इस अभियान की शुरुआत की है। एक गुट मंत्री साधन पांडे और दूसरा इलाके के पूर्व पार्षद व वार्ड के कोआर्डिनेटर अमल का है। सबकुछ शांतिपूर्ण था मंत्री लोगों ने फैलाई गड़बड़ी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : ममता सरकार के महत्वाकांक्षी 'दुआरे-दुआरे सरकार अभियान को लेकर शुक्रवार को कोलकाता के मानिकतल्ला इलाके में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में संघर्ष छिड़ गया। खबर पाकर मानिकतल्ला थाने से विशाल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। इलाके में भारी तनाव है। गौरतलब है कि गत एक दिसंबर से इस अभियान की शुरुआत की गई है।
अभियान का लाभ लेने को स्थानीय लोग नाम दर्ज कराने पहुंचे
कोलकाता नगर निगम के 14 नंबर वार्ड में स्थित मदर टेरेसा कम्युनिटी सेंटर में इस अभियान का लाभ लेने को स्थानीय लोग नाम दर्ज कराने पहुंचे थे। वहां इस काम में अनियमितता के आरोप को लेकर तृणमूल के दो गुटों में संघर्ष छिड़ गया।
सबकुछ शांतिपूर्ण चल रहा था, मंत्री के लोगों ने फैलाई गड़बड़ी
एक गुट मंत्री साधन पांडे और दूसरा इलाके के पूर्व पार्षद व वार्ड के कोआर्डिनेटर अमल चक्रवती का है।
अमल चक्रवर्ती ने अशांति फैलाने का मंत्री पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। मंत्री के लोगों ने आकर गड़बड़ी फैलाई।
साधन पांडे व परेश पाल के गुटों में तनाव देखने को मिला था
दूसरी तरफ मंत्री साध पांडे का कहना है कि कम्युनिटी सेंटर में बाहरी लोगों ने अपनी टेबल लगा रखी थी और गड़बड़ तरीके से काम कर रहे थे। उन्हें रोकने की कोशिश करने पर उन्होंने ही अशांति फैलाई। गौरतलब है कि मानिकतल्ला इलाके में तृणमूल के गुटों में संघर्ष की घटना नई नहीं है। कुछ दिन पहले साधन पांडे व परेश पाल के गुटों में भी काफी तनाव देखने को मिला था।