कोलकाता के स्कूल में मार्क्स और माओ की तस्वीरों पर विवाद, विरोध के बाद हटाई गईं
कोलकाता के ढाकुरिया स्थित लेक व्यू स्कूल के टीचर्स रूम में कार्ल मार्क्स, माओ और हो ची मिन्ह की तस्वीरें ...और पढ़ें

कोलकाता स्कूल में माओ, मार्क्स की तस्वीरों पर बवाल
HighLights
कोलकाता स्कूल में माओ-मार्क्स की तस्वीरों पर विवाद उत्पन्न हुआ।
शिक्षक संगठन ने विदेशी नेताओं की तस्वीरों पर आपत्ति दर्ज कराई।
विरोध के बाद स्कूल ने विवादित तस्वीरें हटाने का निर्णय लिया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के ढाकुरिया के लेक व्यू स्कूल के टीचर्स रूम में कार्ल मार्क्स, माओ त्से तुंग और हो ची मिन्ह की तस्वीरें लगी होने पर विवाद हुआ। अखिल भारतीय शैक्षिक राष्ट्र्रीय महासंघ के प्रतिनिधियों ने स्कूल पहुंचकर इन तस्वीरों पर आपत्ति जताई और उन्हें हटाने की मांग की। इसके बाद टीचर्स रूम से तस्वीरें हटा दी गईं।
शिक्षक संगठन का कहना था कि स्कूल में बीआर आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, एपीजे अब्दुल कलाम और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जैसे भारतीय विशिष्ट व्यक्तियों की तस्वीरें नहीं लगी हैं, जबकि विदेशी नेताओं की तस्वीरें लगाई गई हैं।
संगठन के प्रतिनिधि प्रदीप पाल ने आरोप लगाया कि शिक्षण संस्थानों में लंबे समय से इस तरह की राजनीति की जा रही है और इससे राष्ट्रवादी चेतना विकसित नहीं होती। उन्होंने भारतीय महापुरुषों की तस्वीरें लगाने की मांग की। स्कूल के कार्यवाहक प्रधान शिक्षक सुदीप्त दे ने भी संगठन की आपत्ति को उचित बताया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही स्कूल की जिम्मेदारी संभाली है। उनके अनुसार, ये तस्वीरें करीब 20 वर्षों से लगी थीं और इस संबंध में पहले किसी ने शिकायत नहीं की थी। उन्होंने पूरे स्कूल से ऐसी तस्वीरें हटाने के लिए सात दिनों का समय मांगा है।
