पूर्व सैनिकों का सफर होगा आसान, नौसेना की पहल से कोलकाता पोर्ट ने सौंपीं 4 मिनी बसें
कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ने भारतीय नौसेना की पहल पर राज्य सैनिक बोर्ड को मरीजों के लिए चार मिनी बसें सौंपी हैं।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ने चार मिनी बसें दान कीं
HighLights
श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ने चार मिनी बसें दान कीं
बसें राज्य सैनिक बोर्ड को मरीजों के लिए सौंपी गईं
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को मिलेगा लाभ
राजीव कुमार झा, कोलकाता। भारतीय नौसेना की ओर से बुधवार को कोलकाता के आइएनएस नेताजी सुभाष बेस में आयोजित समारोह में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट कोलकाता द्वारा राज्य सैनिक बोर्ड, पश्चिम बंगाल को मरीजों के लिए चार मिनी बसें सौंपी गईं। इन बसों को श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट (पूर्व में कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट) प्राधिकरण ने अपने कारपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत उपलब्ध कराया है।
समारोह में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट प्राधिकरण के अध्यक्ष रथेंद्र रमन सहित पोर्ट, भारतीय नौसेना, राज्य सैनिक बोर्ड और जिला सैनिक बोर्डों के अधिकारी उपस्थित रहे। रथेंद्र रमन ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट प्राधिकरण सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर बंगाल के नौसेना प्रभारी अधिकारी कमोडोर अजय यादव ने इस पहल के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट प्राधिकरण का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पहल भारतीय नौसेना और पोर्ट प्राधिकरण की राष्ट्रीय हितों के लिए साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
चारों मिनी मरीज बसों का उपयोग राज्य में सशस्त्र बलों के करीब 1.31 लाख पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण एवं सेवा के लिए किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन नौसेना के कमांड रेजिमेंटल सिस्टम आफिस (सीआरएसओ), उत्तर पूर्व के कैप्टन पी अग्निहोत्री के समन्यवय में किया गया, जो बंगाल सहित 11 राज्यों के पूर्व नौसैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार है।
