विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता में नौकरी का झांसा देकर 11वीं की छात्रा को बनाया बंधक, पुलिस ने होटल से छुड़ाया

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:54 PM (GMT+05:30)

हावड़ा के जगतबल्लभपुर से लापता 11वीं की छात्रा को इंस्टाग्राम पर विदेश में पढ़ाई का झांसा देकर कोलकाता बुलाया गया और फिरौती के लिए बंधक बनाया गया।

इंस्टाग्राम पर झांसा देकर छात्रा को बनाया बंधक (सांकेतिक तस्वीर)

इंस्टाग्राम पर झांसा देकर छात्रा को बनाया बंधक (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. छात्रा को इंस्टाग्राम पर विदेश में पढ़ाई का झांसा दिया गया।

  2. कोलकाता के होटल में बंधक बनाकर तीन लाख की फिरौती मांगी।

  3. हावड़ा ग्रामीण पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद किया, जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । हावड़ा के जगतबल्लभपुर इलाके से लापता हुई 11वीं की एक छात्रा को पुलिस ने बुधवार रात न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा को इंस्टाग्राम के जरिए विदेश में पढ़ाई और नौकरी दिलाने का झांसा देकर कोलकाता बुलाया गया था।

यहां उसे न्यू मार्केट इलाके के एक होटल में बंधक बनाकर उसके परिवार से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रुपये नहीं देने पर छात्रा की हत्या करने की धमकी दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, गत सात सितंबर को छात्रा स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। वह अपने साथ आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज भी ले गई थी।

जांच में पता चला कि छात्रा ने स्थानीय कुछ दोस्तों से पैसे उधार लिए थे और बस से धर्मतला पहुंची। आरोपितों ने न्यू मार्केट इलाके के एक होटल में पहले से कमरा बुक कर रखा था। छात्रा के वहां पहुंचने के बाद उसे होटल में बंधक बनाकर रखा गया और उसके परिवार को फोन कर रुपये मांगे गए। परिवार ने गत सात सितंबर को ही जगतबल्लभपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

हावड़ा ग्रामीण पुलिस ने जांच शुरू की। साइबर सेल, राज्य पुलिस की बाल कल्याण समिति और जिला पुलिस के अधिकारी जांच में शामिल हुए। अभिभावक के फोन पर नजर रखते हुए पुलिस ने आरोपितों की गतिविधियों का पता लगाया।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि छात्रा न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के एक होटल में अकेली है। इसके बाद बुधवार रात पुलिस की टीम ने होटल में छापेमारी कर छात्रा को बरामद कर लिया। पुलिस को आशंका है कि घटना के पीछे अंतरराज्यीय अपराध गिरोह का हाथ है।

प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश या हरियाणा से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। जगतबल्लभपुर थाने में अपहरण, फिरौती मांगने और हत्या की धमकी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

अभी तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हावड़ा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने बताया कि घटना के पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।