कोलकाता पुलिस कमांडो की संदिग्ध मौत, बैरक के शौचालय में मिला शव; जांच शुरू
कोलकाता पुलिस के एक कमांडो दीपक तमांग का शव पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) स्थित कमांडो बैरक के शौचालय में फंदे से लटका मिला।
-1789834759061_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
कोलकाता पुलिस कमांडो दीपक तमांग का शव शौचालय में मिला।
पुलिस ट्रेनिंग स्कूल बैरक में फंदे से लटके पाए गए।
पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता पुलिस के एक कमांडो का शनिवार को पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) स्थित कमांडो बैरक के शौचालय में फंदे से लटकता शव मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक दीपक तमांग (49) कोलकाता पुलिस की कमांडो फोर्स में कई वर्षों से तैनात थे और मूल रूप से उत्तर बंगाल के कलिम्पोंग जिले के सात माइल इलाके के रहने वाले थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह दीपक तमांग कमांडो बैरक की चौथी मंजिल स्थित शौचालय में गए थे। कुछ समय तक शौचालय अंदर से बंद रहने पर उनके सहकर्मियों को संदेह हुआ। बार-बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर तमांग पाइप से फंदे के सहारे लटके मिले। सहकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारकर तत्काल एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, मौके से मिले प्रारंभिक साक्ष्यों में गले पर फंदे के निशान समेत कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जो आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। कलिम्पोंग में रहने वाले तमांग के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
