पुराने पासपोर्ट आवेदनों के निपटारे के लिए विशेष पेंडेंसी ड्राइव चला रहा कोलकाता क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय
कोलकाता क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय पुराने लंबित पासपोर्ट आवेदनों के निपटारे के लिए एक विशेष अभियान चला रहा है। इस पहल ...और पढ़ें

HighLights
कोलकाता पासपोर्ट कार्यालय ने विशेष पेंडेंसी ड्राइव शुरू की।
लगभग 5,000 आवेदकों को अब तक बुलावा पत्र भेजे गए।
लंबित आवेदन 24,000 से घटकर 4,000 हुए।
राजीव कुमार झा, कोलकाता। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, कोलकाता विभिन्न कारणों से लंबे समय से लंबित पड़े पासपोर्ट आवेदनों के निपटारे के लिए विशेष पालिसी पेंडेंसी ड्राइव (अभियान) चला रहा है। करीब दो माह पहले शुरू किए गए इस अभियान के तहत विशेषकर जटिल और जरूरी दस्तावेजों की कमी के कारण लंबे समय से लंबित मामलों वाले आवेदकों को पत्र भेजकर क्षेत्रीय कार्यालय बुलाया जा रहा है। आवेदकों को लंबित आवेदन की कमियां बताकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जा रहा है, ताकि उनके मामलों को निष्कर्ष तक पहुंचाया जा सके।
हर सप्ताह 300 से 400 आवेदकों को भेजा जा रहा बुलावा पत्र
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी आशीष मिड्ढा, आइएफएस ने दैनिक जागरण को बताया कि यह विशेष अभियान एक तरह से पासपोर्ट अदालत की तर्ज पर चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह लगभग 300 से 400 आवेदकों को बुलावा पत्र भेजा जा रहा है। आवेदकों को कोलकाता के ब्रेबर्न रोड स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में बुलाकर उनके लंबित मामलों की सुनवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सप्ताह में 2 से 3 दिन आवेदकों को कार्यालय बुलाया जाता है और प्राथमिकता के आधार पर उनके मामलों की सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। कमियों को दूर करने के बाद मामलों को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाता है अथवा जहां संभव होता है, उनका निपटारा कर दिया जाता है। अभियान शुरू होने के बाद से अब तक करीब 5,000 आवेदकों को बुलावा पत्र जारी किए जा चुके हैं। अधिकारी के अनुसार, आवेदकों की प्रतिक्रिया भी उत्साहजनक रही है। बड़ी संख्या में आवेदक कार्यालय पहुंचकर जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे पुराने मामलों के निपटारे में तेजी आई है।
हर महीने लग रही पासपोर्ट अदालत, लंबित मामले 24,000 से घटकर 4,000
लंबित आवेदनों के निपटारे के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में हर महीने नियमित रूप से पासपोर्ट अदालत भी आयोजित की जा रही है। इस महीने में अब तक तीन दिन- 8, 10 और 15 सितंबर को पासपोर्ट अदालत का आयोजन किया जा चुका है। इसके अलावा 17, 24 और 29 सितंबर को भी पासपोर्ट अदालत आयोजित की जाएगी।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी के अनुसार, कार्यालय की विभिन्न पहलों और लगातार उठाए जा रहे कदमों के कारण लंबित पासपोर्ट आवेदनों की संख्या में काफी कमी आई है। 2024 के मध्य में जहां करीब 24,000 पासपोर्ट आवेदन लंबित थे, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 4,000 रह गई है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नए आवेदनों के साथ पुराने लंबित मामलों को भी जल्द से जल्द निपटाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय अपने शिकायत प्रकोष्ठ (ग्रिवांस सेल) को भी बेहतर बनाने पर लगातार जोर दे रहा है, ताकि अधिक से अधिक आवेदकों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समय पर समाधान किया जा सके। बताते चलें कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, कोलकाता- बंगाल, सिक्किम, त्रिपुरा और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पासपोर्ट संबंधी मामलों को देखता है।
