'रास्ता बहुत संकरा था, रोशनी नहीं थी...', कोलकाता पंडाल भगदड़ के चश्मदीदों ने बताया मंजर
कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 17 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए। ...और पढ़ें

17 लोगों की मौत, दर्जनों घायल हुए भगदड़ में।
HighLights
17 लोगों की मौत, दर्जनों घायल हुए भगदड़ में।
संकरा प्रवेश-निकास द्वार, बारिश और भीड़ हादसे के मुख्य कारण।
सीएम शुभेंदु और ममता बनर्जी ने घटना पर दुख जताया।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कोलकाता के चोरबगान सार्वजनिन दुर्गापूजा के पंडाल में हुई भगदड़ में 17 लोगों की मौत हो गई और हादसे में दर्जनों लोग घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी जानकारी
इस मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम उत्तरी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भीषण त्रासदी, जिसमें 17 लोगों की जान चली गई, उसके पीछे कई कारण थे। इनमें प्रवेश और निकास द्वारों का संकरा होना, भारी बारिश और वीकेंड (सप्ताहांत) होने की वजह से लोगों की भारी भीड़ का जमा होना शामिल है।

पीड़ितों ने सुनाई आपबीती
पीड़ित के परिजनों ने मामले की जानकारी देते हुए न्यूज एजेंसी IANS को बताया, 'प्रवेश द्वार बहुत संकरा था और निकास द्वार भी संकरा था। उस इलाके में रोशनी का कोई इंतजाम नहीं था।' जानकारी के मुताबिक भगदड़ के दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे इलाके की संकरी गलियों में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित के परिजन ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, 'प्रवेश द्वार पर डेढ़ घंटे लंबी कतार लगी थी। बारिश हो रही थी, इसलिए लोग जल्दी अंदर जाना चाहते थे। जगह बहुत संकरी थी और वहां अंधेरा था। वहां एक भी लाइट नहीं थी। अंधेरे की वजह से दो लोग गिर गए - एक छोटी बच्ची और एक लड़का। मैं भी गिर गया था।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं किसी तरह उठने में कामयाब रहा। मैं बहुत डरा हुआ था। बच्ची और लड़के के ऊपर कई लोग आ गए थे। उस स्थिति में वहां न तो कोई पुलिसकर्मी था और न ही कोई स्वयंसेवक। वहां कुछ भी नहीं था।'
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने मामले की जानकारी देते हुए न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि भगदड़ के दौरान कई लोग बेहोश हो गए। कई लोगों को मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामले की जानकारी दी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, 'जैसे ही बारिश शुरू हुई, पंडाल के बाहर इंतजार कर रही भीड़ आगे की ओर लपकी। इस दौरान उनमें से कुछ लोग सड़क पर गिर गए, जिससे भगदड़ मच गई।'
पुलिस ने फिलहाल स्थिति के बारे में एक बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा,'लगभग [शाम 7:40 बजे], गिरीश पार्क पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा पार्क (चोरबगान) पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।'

सीएम शुभेंदु ने स्थिति का जायजा लिया
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल पहुंचे।

बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना पर दुख जताया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।उन्होंने 'X' पर लिखा, 'मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं, और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले।'
राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं: 1800-345-5678 और 033-22141310।
यह भी पढ़ें- कोलकाता के चोरबगान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़, 17 लोगों की मौत; दर्जनों घायल
