विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल:पूर्व सांसद विकास रंजन के घर पर हमले में एक गिरफ्तार, ‘हिंदुत्ववादी’ टिप्पणी पर भी दो FIR

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:23 PM (IST)

माकपा नेता विकास रंजन भट्टाचार्य के कोलकाता स्थित आवास पर हमले के मामले में बप्पा गुचैत को गिरफ्तार किया गया है।

विकास रंजन के घर पर हमले मामले में एक गिरफ्तार (फाइल फोटो)

विकास रंजन के घर पर हमले मामले में एक गिरफ्तार (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। माकपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य के दक्षिण कोलकाता स्थित आवास पर हमले के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बप्पा गुचैत नामक शख्स को कोलकाता के गरिया से गिरफ्तार किया। वह नरेंद्रपुर का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि हमले में और कौन-कौन शामिल था तथा इसके पीछे क्या वजह थी।

इस बीच, हमले के लिए ‘हिंदुत्ववादी’ तत्वों को जिम्मेदार ठहराने संबंधी विकास रंजन के बयान को लेकर तपसिया और गरफा थानों में उनके खिलाफ दो प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

विकास रंजन भट्टाचार्य ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि सुबह करीब पांच बजे चेहरे ढके कुछ युवक मोटरसाइकिलों से उनके आवास पहुंचे और खिड़कियों के शीशे तथा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। यह घटना ईएम बाईपास के पास कालिकापुर स्थित उनके आवास पर हुई। पूर्व मेयर भट्टाचार्य ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मिले साक्ष्यों के आधार पर बप्पा गुचैत को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, धमकी देने, साक्ष्य नष्ट करने और जालसाजी समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।

गिरफ्तार व्यक्ति की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें उसके गले में तृणमूल कांग्रेस के पुराने चुनाव चिह्न वाला गमछा दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस ने तस्वीर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस उसकी राजनीतिक संबद्धता और हमले के पीछे के मकसद की भी जांच कर रही है।

‘हिंदुत्ववादी’ टिप्पणी पर दो प्राथमिकी

हमले के बाद विकास रंजन भट्टाचार्य ने इसके पीछे ‘हिंदुत्ववादी’ तत्वों का हाथ होने का आरोप लगाया था। इसी बयान को लेकर एक दक्षिणपंथी संगठन की शिकायत पर तपसिया और गरफा थानों में उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। ये प्राथमिकी हमले के मामले से अलग हैं।

इस बीच, कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रवींद्र विठ्ठलराव घुगे ने राज्य में अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए सरकार से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।