बंगाल: कोलकाता में नरेंद्रपुर के गोदाम में देर रात लगी भीषण आग, दमकल की 4 गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू
दक्षिण 24 परगना के नरेंद्रपुर स्थित नाजिराबाद में शुक्रवार देर रात एक गोदाम में भीषण आग लग गई, जिस पर ...और पढ़ें

नरेंद्रपुर गोदाम में भीषण आग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के नरेंद्रपुर के नाजिराबाद में शुक्रवार देर रात एक गोदाम में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती खबरों में गोदाम को एक निजी मोमो निर्माता कंपनी से जुड़ा बताया गया था।
हालांकि, वाओ मोमो के सीईओ मुरली कृष्णन ने इस घटना से कंपनी का संबंध होने से साफ इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर कंपनी का कोई गोदाम नहीं है और इस संबंध में फेक न्यूज फैलाई जा रही है।
गोदाम से धुआं उठता देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह तक स्थिति नियंत्रण में थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोदाम के एक हिस्से में कुछ ज्वलनशील पदार्थ रखे थे। आग उसी हिस्से में लगी और देखते ही देखते फैल गई। आग लगने के समय वहां किसी के मौजूद नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, वाओ मोमो के सीईओ ने दोहराया कि संबंधित गोदाम अब कंपनी के पास नहीं है और उसके मौजूदा गोदाम में कोई घटना नहीं हुई है।
