16 साल पहले लापता हुए 2 छात्रों का मामला: CID की नाकामी के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने CBI को सौंपी जांच
कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोलकाता के बेहला से 16 साल पहले लापता हुए दो छात्रों के मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है।

16 साल पहले लापता हुए 2 छात्रों का मामला (फाइल फोटो)
HighLights
कलकत्ता हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच का आदेश दिया।
बेहला से 16 साल पहले लापता हुए थे दो छात्र।
राज्य पुलिस, सीआईडी को नहीं मिला कोई सुराग।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । कोलकाता के बेहला इलाके से 16 साल पहले दो छात्रों के लापता होने के मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। कलकत्ता हाई कोर्ट ने राज्य पुलिस व सीआईडी की जांच में ठोस सुराग नहीं मिलने पर मामले को सीबीआई को सौंप दिया।
सीबीआई को आगामी छह सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट अदालत में जमा करने को कहा गया है।
18 अप्रैल, 2011 को सुदीप्त रायचौधरी व राहुल मंडल नामक छात्र लापता हो गए थे। उस समय दोनों की उम्र 19 वर्ष थी। उनके स्वजनों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें फिरौती के फोन आए थे और उन्होंने मांगी गई रकम भी दी थी। इसके बावजूद दोनों छात्र वापस नहीं लौटे।
मामले की शुरुआती जांच राज्य पुलिस ने की और बाद में मामला सीआईडी को सौंपा गया। लंबी जांच के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। राज्य की ओर से 2020 में संबंधित अदालत में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर मामले में कोई सुबूत नहीं मिलने की बात कही गई थी।
इसके बाद छात्रों के परिवारों ने नए सिरे से जांच की मांग करते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट का रूख किया था। न्यायमूर्ति देबांग्शु बसाक और व न्यायमूर्ति आर्यक दत्त की खंडपीठ ने मामले पर सुनवाई करते हुए जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया।
