West Bengal : आगामी सोमवार से सुबह सात बजे से मेट्रो ट्रेन सेवा, ई-पास के नियम में बदलाव
अब महिलाओ बच्चों के लिए ई पास जरूरी नहीं सुबह सात से आठ व रात 8 से 10 बजे के बीच ई पास की आवश्यकता नहीं। कोलकाता मेट्रो ट्रेन के संचालन के समय में बढ़ोतरी की जा रही है। अंतिम ट्रेन सेवा रात 1030 बजे तक उपलब्ध होगी।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। कोलकाता मेट्रो ट्रेन के संचालन के समय में बढ़ोतरी की जा रही है। आगामी सोमवार से मेट्रो सेवा सुबह 7 बजे से दो टर्मिनल स्टेशनों (कवि सुभाष और नोआपाड़ा) से शुरू हो जाएगी। अंतिम ट्रेन सेवा रात 10:30 बजे तक उपलब्ध होगी। यह सेवा वर्तमान में सप्ताह में 6 दिन, सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध होगी।
मेट्रो सूत्रों के अनुसार सेवा की समय बढ़ाने की वजह से मेट्रो ट्रेन की 14 अतिरिक्त रैक चलेगी। मेट्रो सेवा दिनभर में 190 से 204 मेट्रो ट्रेन चलेगी। मेट्रो में यात्रा के लिए ईपास सेवा के नियम में बदलाव किया गया है। अब बुजुर्गों के साथ-साथ महिलाओं व 15 साल से कम उम्र के यात्रियों को ई-पास की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं स्कूल छात्र अपने स्कूल के पहचान पत्र दिखाकर मेट्रो में सवार हो सकते हैं। लेकिन उनके पास स्मार्ट कार्ड होना जरूरी है। हालांकि, मेट्रो में यात्रा के लिए अभी टोकन जारी नहीं होगा।
मेट्रो अधिकारियों ने कहा है कि अब से सुबह 7 से सुबह 8 बजे तक किसी भी यात्री के लिए ई-पास की आवश्यकता नहीं होगी। इसी तरह रात 8 से 10 बजे तक मेट्रो में चढ़ने के लिए भी ई-पास की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि मेट्रो से यात्रा के लिए जारी कई नियमों को बदल दिया गया है। टोकन के बजाय, आपको स्मार्ट कार्ड के माध्यम से ई-पास की मदद से स्लॉट बुक करना होगा। तब आप मेट्रो ले सकते हैं। धीरे-धीरे समय सीमा भी बढ़ा दी गई। कोराना स्थिति में यात्री सुविधा को भी ध्यान में रखा जा रहा है।