kolkata Metro: ई-पास का हर घंटे बदलेगा रंग, कोलकाता मेट्रो में कई नए नियम लागू
ई-पास का हर घंटे बदलेगा रंग कोलकाता मेट्रो में कई नए नियम लागू इस महीने के माध्य तक कोलकाता में दौड़ने लगेगी मेट्रो
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। इस महीने के मध्य में महानगर में मेट्रो सेवा शुरू होने से पहले कोरोना महामारी के मद्देनजर भीड़ को नियंत्रित करने व सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कोलकाता मेट्रो में कई नए नियम जारी किए गए हैं। अब यात्रा के लिए ई-पास जारी किया जाएगा। स्टेशन में प्रवेश करने के लिए पहले ई-पास दिखाना होगा। ई-पास का हर घंटे सुबह 8 से रात 8 बजे तक अलग-अलग रंग होगा, जो यात्रा के लिए जारी किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता की एक प्रौद्योगिकी कंपनी ने अलग-अलग रंगों के कोड वाली ई- पास प्रणाली विकसित की है जिसमें मेट्रो सेवा बहाल होने पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक ट्रेन में अधिकतम 400 यात्री ही सफर कर सकेंगे।
दरअसल, राज्य सरकार ने मेट्रो प्रबंधन को ई- पास प्रणाली शुरू करने का सुझाव दिया था। इसके बाद कोलकाता मेट्रो ने एक प्रौद्योगिकी कंपनी को आईडिएशन टेक्नोलॉजी से ऐसी प्रणाली बनाने को कहा था। कंपनी के नेटवर्क एंड सिक्योरिटी सॉल्यूशंस के प्रमुख संजय चटर्जी ने कहा कि एक बोट आधारित (वेब रोबोट) तकनीक का इस्तेमाल रंगों के कोड वाले ई- पास बनाने के लिए किया जाएगा ताकि एक बार में केवल अधिकृत यात्री ही यात्रा कर सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनौती ऐसा समाधान खोजने की थी जिसे लोग आसानी से इस्तेमाल कर सकें। स्मार्टफोन के साथ ही एनालॉग फोन रखने वाले भी इसका इस्तेमाल कर सकें और किसी ऐप को इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं पड़े। इसीलिए हमने साधारण तकनीक इजाद की। स्टेशन में प्रवेश करने के लिए पहले ई-पास दिखाना होगा। ई-पास का हर घंटे सुबह 8 से रात 8 बजे तक अलग-अलग रंग होगा, जो यात्रा के लिए जारी किया जाएगा। दूसरी ओर मेट्रो स्टेशनों के परिसर में गुटखा खाकर या थूक फेंकने पर ₹500 का जुर्माना देना होगा। यात्रियों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए मेट्रो स्टेशनों की दीवारों पर जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं।