कोलकाता मेडिकल कॉलेज में बच्चे की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
कोलकाता मेडिकल कॉलेज में 11 वर्षीय पवन यादव की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

कोलकाता मेडिकल कॉलेज में 11 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद बवाल।
HighLights
कोलकाता मेडिकल कॉलेज में 11 वर्षीय बच्चे की मौत।
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।
अस्पताल परिसर में तनाव, पुलिस बल तैनात किया गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को एक मरीज की मौत के बाद बवाल मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हावड़ा के आंदुल निवासी पवन यादव नामक 11 वर्षीय एक बच्चे को पेट में दर्द की समस्या के चलते भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गयी। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही उसके परिजन भड़क गये। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गापूजा के अवसर पर बच्चा कोलकाता में अपने मामा के घर आया था। परिजनों का दावा है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे पवन को पेट में दर्द होने पर अस्पताल लाया गया था। बच्चा अपने पैरों पर चलकर अस्पताल पहुंचा था। यहां जूनियर चिकित्सकों ने उसे एक इंजेक्शन लगाया। इस दौरान वह सामान्य रूप से बात कर रहा था, लेकिन कुछ देर बाद जब उसे दूसरा इंजेक्शन दिया गया तो अचानक उसे दौड़े पड़ने लगे।
उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। कुछ देर बाद ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने एक कागज पर दवा लिखकर मुझे बाहर से लाने के लिए कहा। मैं दवा की पर्ची लेकर बाहर आई और अपने भाई को वह कागज देकर वापस अंदर जा रही थी, तभी देखा कि एक और जूनियर चिकिस्तक उसे इंजेक्शन दे रही थी। उसके बाद ही मेरे बेटे की मौत हो गई।
अस्पताल परिसर में प्रदर्शन
बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन बच्चे की मौत के वास्तविक कारण के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। परिवार ने जूनियर डॉक्टरों पर भी सवाल उठाए हैं।
परिजनों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि इलाज में लापरवाही साबित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बच्चे की मौत के मामले में न्याय की मांग की है।
अस्पताल में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। हालांकि, इस मामले पर अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बच्चे की मौत की वास्तविक वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हुई है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप जरूर लगाया है, लेकिन आरोपों की पुष्टि जांच और चिकित्सा संबंधी तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
