कोलकाता: जादवपुर में ममता तृणमूल पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़, दरवाजा तोड़ा
दक्षिण कोलकाता के जादवपुर में ममता तृणमूल के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है, जिसके बाद नेताजीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
-1790006293250_m.webp)
जादवपुर तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ (स्क्रीनग्रैब- IANS)
HighLights
जादवपुर में ममता तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप
नेताजीनगर थाने में शिकायत दर्ज, पुलिस कर रही जांच
तृणमूल ने भाजपा पर लगाया आरोप, भाजपा ने किया खंडन
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । दक्षिण कोलकाता के जादवपुर में ममता तृणमूल के कार्यालय में रविवार रात तोड़फोड़ का आरोप लगा है। पार्टी की ओर से नेताजीनगर थाने में ईमेल के जरिए शिकायत की गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान का प्रयास कर रही है। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ममता तृणमूल कार्यकर्ताओं के अनुसार, विद्यासागर कालोनी नंबर चार स्थित कार्यालय में सोमवार को पहुंचने पर दरवाजा टूटा मिला। अंदर सोफा उलटा पड़ा था और फर्नीचर व अन्य सामान क्षतिग्रस्त थे। दीवार पर लगा पार्टी का झंडा भी फटा हुआ मिला।
कार्यकर्ताओं ने पानी का जग तोड़े जाने और अलमारी में सामान तलाशने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे भाजपा समर्थित लोगों का हाथ है। हालांकि, घटना के बाद सामने आए वीडियो में किसी राजनीतिक दल का झंडा या किसी व्यक्ति की स्पष्ट पहचान नहीं हो रही है।
भाजपा ने आरोपों से किया इन्कार
भाजपा नेताओं ने ममता तृणमूल के आरोपों को खारिज करते हुए इसे तृणमूल के अंदरूनी विवाद का परिणाम बताया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि शनिवार रात जादवपुर इलाके में कई माकपा कार्यालयों में तोड़फोड़ और तृणमूल के पूर्व विधायक देबरत मजुमदार के घर व पार्टी कार्यालय पर हमले का आरोप लगा था।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार लोगों के एक समूह ने कोलकाता नगर निगम के कम से कम छह वार्डों में पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की थी। इन घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान और राजनीतिक संबद्धता अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस नए मामले को पहले की घटनाओं से जोड़कर भी जांच कर रही है।
