इस वर्ष नहीं होगा कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, सबकुछ सही रहा तो 8 से 15 जनवरी के बीच होने की संभावना
कोरोना कारण फिल्म महोत्सव नहीं होने की ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर दी जानकारी। कोलकाता फिल्म फेस्टिवल नवंबर में होना था। सब कुछ सही रहा तो आगामी वर्ष आठ जनवरी को हो सकता है फिल्म महोत्सव।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव नहीं होगा। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा कि कोरोना महामारी के चलते इस बार अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन नहीं होगा। कोलकाता फिल्म फेस्टिवल नवंबर में होना था। सब कुछ सही रहा तो आगामी वर्ष जनवरी में महोत्सव का आयोजन होगा।
अनलॉक-5 में सिनेमा हॉलों को 50 फीसद दर्शकों के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। बावजूद इसके कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सिनेमा हॉलों को कई निर्देशों का पालन करना पड़ रहा है। इस बीच राज्य सरकार ने यह एक बड़ा फैसला लिया, क्योंकि राज्य में फिर से कोरोना संक्रमण बढ़ने के आसार हैं।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष कोलकाता फिल्म महोत्सव आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया है। नवंबर होने वाले इस महोत्सव का सिने प्रेमी साल भर इंतजार करते हैं। देश-विदेश के कई पुरस्कार विजेता फिल्में यहां दिखाई जाती हैं। देश-विदेश के अभिनेता और कलाकार शहर में आते हैं।
राज्य सरकार इस बार कोरोना की वजह से उस जोखिम को नहीं उठाना चाहती है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया कि इस साल कोलकाता में फिल्म महोत्सव नहीं होगा। सब कुछ सही रहा तो कोलकाता फिल्म महोत्सव आगामी वर्ष जनवरी में आयोजित किया जाएगा। फिल्म फेस्टिवल 8 से 15 जनवरी तक हो सकता है।