कोलकाता के अस्पताल में बुजुर्ग महिला के शव को चूहों ने कुतरा, जांच के लिए 10 सदस्यीय कमेटी गठित
कोलकाता के मानिकतला ईएसआई अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने का गंभीर मामला सामने ...और पढ़ें

बुजुर्ग महिला के शव को चूहों ने कुतरा (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
मानिकतला ईएसआई अस्पताल में शव को चूहों ने कुतरा।
बुजुर्ग महिला अल्पना दे के शव पर मिले जख्म के निशान।
अस्पताल ने 10 सदस्यीय जांच समिति बनाई, रिपोर्ट मांगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । कोलकाता के मानिकतला ईएसआई अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला के शव को चूहों द्वारा कुतरे जाने का मामला सामने आया है। हावड़ा के आंदुल निवासी अल्पना दे लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थीं।
गुरुवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह स्वजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें महिला की मृत्यु की जानकारी मिली। स्वजनों का आरोप है कि अस्पताल की ओर से उन्हें पहले इसकी सूचना नहीं दी गई थी। शव से कपड़ा हटाने पर चेहरे और हाथों पर जख्म के निशान दिखे। परिवार ने दावा किया कि चूहों ने शव को कुतर दिया था।
शव की हालत देख परिजन हैरान
स्वजनों के मुताबिक, महिला के चेहरे और हाथों पर कई जगह जख्म के निशान थे। आंखों की पलकें और होंठ का एक हिस्सा भी गायब था। उंगलियों पर भी जख्म थे। परिवार ने अस्पताल प्रबंधन से इसकी शिकायत की। अस्पताल की ओर से भी आशंका जताई गई कि शव को चूहों ने कुतरा होगा। हालांकि, घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन दिनों में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
मामले की जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन ने 10 सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आई हैं। ऐसे में इस घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
