कोलकाता: दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ पर ममता ने जताया दुख, टीएमसी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु का मांगा इस्तीफा
उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ पर ममता बनर्जी ने दुख जताया, वहीं टीएमसी ने पुलिस प्रशासन और ...और पढ़ें

टीएमसी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का इस्तीफा मांगा।
HighLights
चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ से कई मौतें।
ममता बनर्जी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
टीएमसी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का इस्तीफा मांगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में शनिवार देर शाम हुई भगदड़ में कई लोगों के मारे जाने की घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
ममता ने एक्स पर लिखा- चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना के बारे में जानकर वह बेहद स्तब्ध और दुखी हैं।मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और उनके परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत और साहस मिले।
वहीं, ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने घटना को लेकर पुलिस प्रशासन और भाजपा सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और जवाबदेही तय करने की मांग की है। टीएमसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से जवाबदेही स्वीकार करने और इस्तीफा देने तक की मांग की है। पार्टी ने दावा किया कि स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटनास्थल पर पुलिसकर्मी, नागरिक स्वयंसेवक और एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थे। पार्टी ने भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
टीएमसी ने कोलकाता पुलिस और भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से कथित चूक पर जवाब मांगा। पार्टी ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा को हल्के में नहीं लिया जा सकता। घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने का उल्लेख करते हुए टीएमसी ने पूछा कि इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। पार्टी ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की। टीएमसी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल पहुंचने के दिन हुई इस त्रासदी को लेकर राज्य की व्यवस्था पर निशाना साधा।
कुणाल घोष ने घायलों के उपचार को प्राथमिकता देने की अपील की
वहीं, ममता तृणमूल गुट के विधायक व प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि चोरबागान पूजा पंडाल में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि घटना क्यों और कैसे हुई, इसका पता बाद में लगाया जा सकता है, लेकिन फिलहाल सबसे जरूरी घायलों की जान बचाना है।
घोष ने पुलिस प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की। उन्होंने मेडिकल कालेज अस्पताल में डाक्टरों और संबंधित चिकित्सा कर्मचारियों की संख्या तुरंत बढ़ाने की भी मांग की, ताकि गंभीर रूप से घायल लोगों को शीघ्र उपचार मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।
