कोलकाता: राम राज्य की थीम पर सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल, सूखे पत्तों और बीजों से होगी सजावट
कोलकाता के तारा चंद दत्ता स्ट्रीट स्थित यंग बायज क्लब की दुर्गा पूजा का पंडाल इस बार 'राम राज्य' की ...और पढ़ें

राम राज्य की थीम पर सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोलकाता । कोलकाता की तारा चंद दत्ता स्ट्रीट स्थित ‘यंग बायज क्लब’ की दुर्गा पूजा का पंडाल इस बार ‘राम राज्य’ की थीम पर आधारित होगा, जिसमें भगवान राम और हनुमान की मूर्तियों के साथ आरजी कर आंदोलन के संदर्भ तथा गरिमा, शांति एवं सद्भाव से जुड़े पोस्टर और चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजकों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस पंडाल में इस साल बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के सत्ता में आने के साथ राज्य में सत्ता परिवर्तन के संदर्भ में ‘अपशासन’ (खराब शासन) से ‘सुशासन’ की ओर बदलाव पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस पंडाल के मुख्य आयोजक राकेश सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा हमेशा से हमारे लिए भक्ति को रचनात्मकता के साथ जोड़ने और एक सार्थक सामाजिक संदेश देने का अवसर रही है। ‘राम राज्य’ के जरिए हम एक ऐसे आदर्श समाज की अपनी परिकल्पना पेश कर रहे हैं, जहां लोग शांति, गरिमा और आपसी सम्मान के साथ रहते हैं।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि आगंतुक पंडाल की सुंदरता का अनुभव करने के साथ-साथ इसकी विषयवस्तु के पीछे के मूल्यों से भी जुड़ें।
विषयवस्तु की परिकल्पना करने वाले कलाकार देवशंकर महेश ने कहा कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के कारीगर सूखे पत्तों, फलों, फूलों और बीजों से पंडाल को सजाने में जुटे हैं, जो प्रकृति के साथ सद्भाव को भी प्रदर्शित करेगा।
महेश ने कहा, हमारी पूजा ‘अपशासन’ से ‘सुशासन’ की ओर शासन में बदलाव पर केंद्रित होगी। आरजी कर अस्पताल में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद हुए आंदोलन के संदर्भ भी होंगे और यह दिखाया जाएगा कि लोग स्वतंत्र हैं तथा बिना डर के अपराधों की आलोचना कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पंडाल में भगवान राम और भगवान हनुमान की मूर्तियां भी होंगी और ‘राम राज्य’ में गरिमा और शांति से संबंधित पोस्टर और चित्र भी होंगे।
