जाकिर हुसैन से जुड़े पोस्टर विवाद पर कोलकाता की दुर्गापूजा समिति ने मांगी माफी, कहा- अपमान करने का इरादा नहीं था
दक्षिण कोलकाता की बेहला यंग मेन्स एसोसिएशन ने दुर्गापूजा पोस्टर विवाद पर माफी मांगी है। पोस्टर में 'फकीर हुसैन' लिखे ...और पढ़ें

कोलकाता दुर्गापूजा समिति ने जाकिर हुसैन से जुड़े पोस्टर विवाद पर मांगी माफी (प्रतिकात्मक तस्वीर)
HighLights
बेहला यंग मेन्स एसोसिएशन ने दुर्गापूजा पोस्टर विवाद पर मांगी माफी
पोस्टर में 'फकीर हुसैन' लिखा था, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ
समिति ने कहा, किसी कलाकार का अपमान करने का इरादा नहीं था
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । दक्षिण कोलकाता की बेहला यंग मेन्स एसोसिएशन दुर्गापूजा का थीम पोस्टर विवादों में आने के बाद समिति ने रविवार को माफी मांग ली। पोस्टर में तबले की तस्वीर के साथ बंगाली में ‘फकीर हुसैन’ लिखा था।
इसे लेकर कुछ लोगों ने दिवंगत तबला वादक जाकिर हुसैन के प्रति अपमानजनक होने की आपत्ति जताई थी। पूजा समिति ने कहा कि पोस्टर के जरिए किसी महान कलाकार का अपमान या मजाक उड़ाने का कोई इरादा नहीं था।
समिति के अनुसार, इस वर्ष की थीम ‘छुटी’ है, जिसमें बचपन की कल्पनाशीलता और बढ़ते कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) के प्रभाव के बीच अंतर को दर्शाया जा रहा है।
समिति ने कहा कि पोस्टर में बच्चे जैसी कल्पना को दिखाने का प्रयास किया गया था। यदि इससे किसी कलाकार या व्यक्ति की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह बिना शर्त माफी मांगती है।
सनातन दिंडा ने पोस्टर से बनाई दूरी
पूजा की प्रतिमा और पंडाल पर काम कर रहे कलाकार सनातन दिंडा ने स्पष्ट किया कि विवादित पोस्टर तैयार करने में उनकी कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपनी कलात्मक अवधारणा के अनुसार प्रतिमा और पंडाल की सजावट पर काम कर रहे हैं और पोस्टर उनके काम का हिस्सा नहीं था।
