Kolkata Crime : कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों के उल्लंघन व मास्क नहीं पहनने पर कोलकाता में 3,000 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
कुछ लोग इस बात को बहुत ही लापरवाही से ले रहे हैं और मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं। अब दुर्गा पूजा करीब है और डॉक्टरों ने सावधानी बरतने को कहा है। ऐसे में सतर्कता बढ़ा दी है तथा दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वालों के साथ सख्ती शुरू की है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोलकाता पुलिस ने पिछले 10 दिनों में कोविड -19 दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने और मास्क नहीं पहनने पर महानगर के विभिन्न इलाकों से 3,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में और आसपास के इलाकों में 11 से 20 अक्टूबर के बीच कोलकाता पुलिस ने कम से कम 3,418 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कुछ लोग मानदंडों का उल्लंघन कर रहे
अधिकारी ने कहा, ‘हम इस महामारी के दौरान मास्क पहनने के बारे में लोगों की जागरूकता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोग इस बात को बहुत ही लापरवाही से ले रहे हैं और मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं। अब दुर्गा पूजा करीब है और डॉक्टरों ने सावधानी बरतने को कहा है। ऐसे में हमने सतर्कता बढ़ा दी है तथा दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वालों के साथ सख्ती शुरू की गयी है।’
सबसे ज्यादा 734 लोग गिरफ्तार किए
पुलिस के अनुसार 18 अक्टूबर को सबसे ज्यादा 734 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि मंगलवार को 495 गिरफ्तारी हुई। गौरतलब है कि बंगाल में अब तक इस घातक बीमारी के 3,29,057 मामले सामने आए हैं और 6,180 लोगों की मौत हो चुकी है। सितंबर के पहले सप्ताह में शहर में हर दिन औसतन 300 से अधिक लोगों को मास्क नहीं पहनने के कारण गिरफ्तार किया गया था।