चोरबागान भगदड़ जांच में बड़ा खुलासा, 16 सीसीटीवी फुटेज गायब, पुलिस की पड़ताल तेज
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ की जांच में 32 में से 16 सीसीटीवी फुटेज गायब मिले हैं।

चोरबागान भगदड़ के 16 सीसीटीवी फुटेज गायब मिले
HighLights
चोरबागान भगदड़ के 16 सीसीटीवी फुटेज गायब मिले
पुलिस ने पंडाल डिजाइनर और 12 पुलिसकर्मियों को तलब किया
हादसे में 19 मौतें, 9 गिरफ्तारियां, जांच जारी
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में 17 अक्टूबर को हुई भगदड़ की जांच के दौरान 32 में से 16 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 25 अन्य घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज अहम हैं। लापता फुटेज हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
16 सीसीटीवी फुटेज गायब मिले
पुलिस ने पंडाल के डिजाइनर सुशांत शिवानी पाल को पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें बुधवार तक कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में उपस्थित होने को कहा गया है।
जांच अधिकारी उनसे पंडाल के डिजाइन, निर्माण, आगंतुकों की सुविधा और भीड़ की आवाजाही के लिए किए गए इंतजामों के बारे में पूछताछ करेंगे। घटना की रात पंडाल के बाहर और प्रवेश व निकास द्वारों के पास तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। वहां तैनात 12 पुलिसकर्मियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
अब तक 60 लोगों से पूछताछ
सोमवार को तीन प्रत्यक्षदर्शियों को भी बयान दर्ज कराने के लिए लालबाजार बुलाया गया। पुलिस ने इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। घायलों, होमगार्ड, सिविक वालंटियर, निजी सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय निवासियों समेत करीब 60 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
बताया गया है कि पंडाल ढहने की घोषणा लाउडस्पीकर से किए जाने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हुई थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
