बंगाल: सवारी बनकर बुक करते थे कैब, फिर लूट के बाद कर देते थे चालकों की हत्या; 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कोलकाता के एंटाली और हुगली के डानकुनी में दो कैब चालकों की हत्या के आरोप में तीन लोगों ...और पढ़ें

लूट के लिए दो कैब चालकों की हत्या (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
दो कैब चालकों की कोलकाता और हुगली में हत्या
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
आरोपियों ने लूटपाट के लिए चालकों की हत्या की
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । कोलकाता के एंटाली और हुगली के डानकुनी में दो कैब चालकों की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों वारदातों में एक जैसा तरीका सामने आने के बाद जांच में लूटपाट के लिए हत्याएं करने वाले गिरोह की भूमिका का पता चला।
कोलकाता पुलिस और चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन के सुरागों के आधार पर आरोपितों की पहचान की। बाद में हुगली की डानकुनी थाना पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के नाम शेख आरियान, शेख मनीरुल और शेख सहादत हैं। इनमें एक उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम और दो सोदपुर के निवासी हैं। आरोप है कि तीनों उत्तर कोलकाता के उपनगरीय इलाकों में लूटपाट करने वाले गिरोह के रूप में सक्रिय थे।
वे यात्री बनकर कैब बुक करते और सुनसान जगह पर चालकों को निशाना बनाते थे। इसके बाद मोबाइल फोन, सोने के गहने और नकदी लूट लेते थे।
कल्याणी एक्सप्रेसवे के पास वारदात
गत छहअक्टूबर को डानकुनी के भादुआ इलाके में रामजी कोईरी का शव मिला था। वह बिराटी के कैब चालक थे। उनका वाहन बाद में मल्लिकबाजार के पास बरामद हुआ। अगले दिन सुबह पूर्वी कोलकाता के एंटाली में मध्यमग्राम निवासी कैब चालक भगवान प्रसाद गुप्ता का शव मिला।
पुलिस के मुताबिक, लूटपाट का विरोध करने पर आरोपित चालकों के पैर बांध देते थे और फिर उनकी हत्या कर देते थे। वारदात के बाद वे गाड़ियां कोलकाता में छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों में एक पहले चालक का काम करता था। फिलहाल तीनों डानकुनी थाना पुलिस की हिरासत में हैं। आगे पूछताछ के लिए एंटाली थाना पुलिस भी उन्हें हिरासत में लेगी।
