कोलकाता में पार्टी कार्यालय पर कब्जे को लेकर भिड़ंत, BJP कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में हुमायूं कबीर समेत कई घायल
कोलकाता के मुकुंदपुर में तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी कार्यालय पर कब्जे को लेकर झड़प हुई, जिसमें अंडे और ईंटें फेंकी गईं तथा कई लोग घायल हुए।

कोलकाता में BJP और ममता-तृणमूल के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मुकुंदपुर में झड़प हुई।
पार्टी कार्यालय पर कब्जे को लेकर विवाद शुरू हुआ।
झड़प में अंडे, ईंटें फेंकी गईं और कई घायल हुए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के मुकुंदपुर में मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर कब्जे को लेकर तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी के बीच अंडे और ईंटें फेंकी गईं।
तृणमूल की ओर से पूर्व विधायक हुमायूं कबीर और पार्टी नेता उपासना चौधरी के घायल होने का दावा किया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
भाजपा और ममता-तृणमूल के कार्यकर्ताओं में झड़प
तृणमूल का आरोप है कि जादवपुर इलाके में उसके कई कार्यालयों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। इसी के विरोध में निकाले गए मार्च के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ।
ममता तृणमूल के कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के सामने जुलूस लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस पर हमला किया।
भाजपा की ओर से भी जवाबी हमले का आरोप लगाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। झड़प के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाए। ममता तृणमूल के जुलूस को निशाना बनाकर अंडे और ईंटें फेंकी गईं।
तृणमूल ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि इसमें महिलाएं भी घायल हुई हैं। झड़प में हुमायूं कबीर के घायल होने की तस्वीर तृणमूल की ओर से इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की गई है।
पार्टी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने दावा किया कि घटना मुख्य रूप से कोलकाता के 78 और 109 नंबर वार्ड में हुई। उन्होंने उपासना चौधरी के घर पर हमले और उनकी कार में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दो तृणमूल कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
