विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दी शुरू होने से पहले ही दमघोंटू हुई कोलकाता की हवा, पीएम10 का स्तर हुआ खतरनाक

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:40 PM (IST)

कोलकाता में सर्दी की शुरुआत से पहले ही वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है, जहां पीएम10 का औसत स्तर राष्ट्रीय मानक से काफी अधिक दर्ज किया गया है।

कोलकाता में सर्दी से पहले ही बढ़ा प्रदूषण स्तर

कोलकाता में सर्दी से पहले ही बढ़ा प्रदूषण स्तर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता में अभी सर्दी ने दस्तक भी नहीं दी है, लेकिन हवा में प्रदूषण की मात्रा सालाना निर्धारित सीमा को पार कर चुकी है।

सेंटर फार रिसर्च आन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के अनुसार, महानगर में गत 16 अक्टूबर तक पीएम 10 का औसत स्तर 76 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।

पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 72 माइक्रोग्राम था यानी एक साल में प्रदूषण के स्तर में करीब छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह स्थिति पिछले कुछ वर्षों में प्रदूषण के स्तर में दर्ज सुधार के उलट है।

यह वार्षिक राष्ट्रीय मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से भी काफी अधिक है। कोलकाता पहले ही देश के शीर्ष 10 प्रदूषित शहरों में शामिल है।

सोमवार सुबह कोलकाता में पीएम 10 का स्तर 107 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में इसके धीरे-धीरे बढ़ने की आशंका है।

मालूम हो कि पीएम 10 हवा में मौजूद ऐसे सूक्ष्म कण हैं, जिनका व्यास 10 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं।

कोलकाता का वायु गुणवत्ता सूचकांक भी लगातार बिगड़ता जा रहा है। सोमवार सुबह यह 159 दर्ज हुआ, जो बेहद अस्वास्थकर है। चिकित्सकों ने बिगड़ती परिस्थितियों को देखते हुए सांस व दिल की बीमारियों वालों को विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह दी है।