प्रेसिडेंसी विवि में स्वामी विवेकानंद के पोस्टर से छेड़छाड़ का आरोप, एबीवीपी का प्रदर्शन
कोलकाता के प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के पोस्टर से छेड़छाड़ का आरोप लगा है।

HighLights
एबीवीपी ने स्वामी विवेकानंद के पोस्टर से छेड़छाड़ का आरोप लगाया।
प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय में एसएफआइ पर अपमानजनक शब्द लिखने का आरोप।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के पोस्टर से कथित छेड़छाड़ को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आरोप लगाया कि एसएफआइ के सदस्यों ने परिसर में लगाए गए पोस्टरों पर आपत्तिजनक शब्द लिखकर स्वामी विवेकानंद का अपमान किया।
इसके विरोध में एबीवीपी के सदस्यों ने कॉलेज स्ट्रीट स्थित विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन ने इस मामले में जोरासांको थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
पोस्टर पर थी स्वामी विवेकानंद की तस्वीर
एबीवीपी के अनुसार, मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में उसके सदस्यों की ओर से लगाए गए कुछ पोस्टरों को विकृत किया गया। इन पोस्टरों पर स्वामी विवेकानंद की तस्वीर थी। संगठन का आरोप है कि पोस्टरों पर आपत्तिजनक शब्द लिखे गए थे। इनमें भाजपा और आरएसएस के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां थीं। एबीवीपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित
विवाद के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है। रजिस्ट्रार देवज्योति कोनार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, समिति को 15 कार्यदिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। एबीवीपी ने पुलिस से भी मामले की विस्तृत जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
