विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता में 20वें रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं को मिले सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र

Published: Sat, 19 Sep 2026 08:11 PM (IST)

केंद्र सरकार के 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेला के तहत कोलकाता में 200 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।

कोलकाता में शनिवार को आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र सौंपते केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार।

कोलकाता में शनिवार को आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र सौंपते केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार। 

HighLights

  1. 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेला कोलकाता में आयोजित हुआ।

  2. 200 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

  3. केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने नियुक्ति पत्र सौंपे।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय रोजगार मेला की 20वीं कड़ी के तहत शनिवार को कोलकाता में भी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। आयकर विभाग, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम की ओर से कोलकाता के राष्ट्रीय पुस्तकालय स्थित भाषा भवन सभागार में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय विभागों और सरकारी संगठनों में चयनित 200 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्यमंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, आयकर विभाग के बंगाल व सिक्किम क्षेत्र की प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त सुरभि वर्मा गर्ग तथा आयकर महानिदेशक (अन्वेषण) योगेश कुमार वर्मा मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने नव नियुक्त 25 कर्मचारियों को अपने हाथ से नियुक्ति पत्र सौंपा। बाकी अभ्यर्थियों को प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

एक अधिकारी ने बताया कि आयकर विभाग के बंगाल व सिक्किम क्षेत्र को 20वें रोजगार मेले में 353 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसमें से इस कार्यक्रम में 214 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। बाकी को डाक के माध्यम से नियुक्ति पत्र भेजा जाएगा।

रेलवे समेत विभिन्न केंद्रीय संगठनों में मिली नियुक्ति

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त सुरभि वर्मा गर्ग ने बताया कि रोजगार मेले 20वीं कड़ी के तहत देशभर के 45 स्थानों पर एक साथ आयोजित कार्यक्रम में करीब 51,000 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को विभिन्न केंद्रीय विभागों और सरकारी संगठनों में सेवा का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मजूमदार ने नव नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी के साथ दायित्व निभाने और अपने-अपने विभाग और कार्यस्थल पर छोटे लेकिन सार्थक सकारात्मक बदलाव लाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

नव नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा मिला है। उन्होंने आइजीओटी कर्मयोगी मंच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों से जीवनभर सीखने और लगातार अपने कौशल एवं क्षमता के विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कोलकाता में आयकर विभाग समेत सीआइएसएफ, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, केंद्रीय भूजल बोर्ड, गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स, भारतीय रेलवे समेत विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त होने वाले चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। सुरभि वर्मा गर्ग ने नव नियुक्त कर्मचारियों से सार्वजनिक सेवा के दौरान ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण को अपने कार्य का आधार बनाने का आग्रह किया।