बंगाल: खड़गपुर के पास मालगाड़ी की 4 बोगियां पटरी से उतरीं, ट्रेन परिचालन बाधित
पश्चिम मेदिनीपुर में खड़गपुर-बालेश्वर रेलखंड पर रविवार शाम कोयला लदी मालगाड़ी की चार पिछली बोगियां पटरी से उतर गईं, जिससे डाउन लाइन पर ट्रेन परिचालन बाधित हो गया।

खड़गपुर के पास मालगाड़ी की 4 बोगियां पटरी से उतरीं(फोटो: आईएएनएस)
HighLights
कोयला लदी मालगाड़ी की चार बोगियां पटरी से उतरीं।
खड़गपुर-बालेश्वर रेलखंड पर डाउन लाइन का परिचालन बाधित हुआ।
हादसे में कोई हताहत नहीं, देर रात तक मरम्मत कार्य चला।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम मेदिनीपुर में खड़गपुर-बालेश्वर रेलखंड पर रविवार शाम कोयला लदी मालगाड़ी की चार पिछली बोगियां पटरी से उतर गईं। इनमें से दो बोगियां रेल लाइन से काफी दूर जा गिरीं। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना से डाउन लाइन पर ट्रेन परिचालन बाधित हो गया।
घटना नारायणगढ़-बेनापुर स्टेशनों के बीच नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुरा इलाके में 11 नंबर रेलगेट के पास हुई। मालगाड़ी ओडिशा की ओर से खड़गपुर जा रही थी।
चार बोगियों के पटरी से उतरने के बाद डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। हादसे में रेल पटरी के साथ ओवरहेड तार को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर मंडल के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाम के बाद अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, डाउन लाइन पर परिचालन देर रात शुरू हुआ। पटरी से उतरी चारों बोगियों को हटाने और रेल लाइन की मरम्मत का काम देर रात तक जारी रहा।
