विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खड़गपुर के ओल्ड सेटलमेंट में दिनदहाड़े फायरिंग: बाइक सवार छात्र के सीने में लगी गोली, हालत गंभीर

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:21 PM (IST)

खड़गपुर के ओल्ड सेटलमेंट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक 15 वर्षीय छात्र अक्षय झा गंभीर रूप से घायल हो ...और पढ़ें

घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से घायल छात्र को खड़गपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से घायल छात्र को खड़गपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया।

HighLights

  1. खड़गपुर में दिनदहाड़े गोलीबारी, 15 वर्षीय छात्र अक्षय झा को लगी गोली।

  2. छात्र अक्षय झा गंभीर रूप से घायल, बेहतर इलाज हेतु कोलकाता रेफर।

  3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 5 संदिग्धों को किया गिरफ्तार, जांच जारी।

संवाद सूत्र, खड़गपुर। रेल नगरी खड़गपुर के रेलवे इलाके में बुधवार सुबह दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
 
घटना वार्ड नंबर 20 स्थित ओल्ड सेटलमेंट इलाके में गीतांजलि हॉल के पीछे वाली गली में सुबह करीब 11:30 बजे घटी। 
 
बाइक से जा रहे 15 वर्षीय छात्र अक्षय झा के सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
 

सीने में लगी गोली, कोलकाता किया गया रेफर 

मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय झा अपने साथी सागर कुमार के साथ मोटरसाइकिल से गली से गुजर रहा था। सागर बाइक चला रहा था और अक्षय पीछे बैठा था। 
 
इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर निशाना साधते हुए गोलियां चला दीं। गोली सीधे अक्षय के सीने में जा लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।
 
घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से घायल छात्र को खड़गपुर महकमा अस्पताल (चांदमारी) ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया।
 

इलाके में असमंजस, पुलिस जांच में जुटी 

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। आसपास के निवासियों का कहना है कि उन्हें शुरुआत में बाहर गोली चलने या किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली। 

खड़गपुर टाउन थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम प्रत्यक्षदर्शियों और घायल छात्र के साथी सागर कुमार का बयान दर्ज कर रही है।
 

पुलिस की कार्रवाई और 5 संदिग्ध गिरफ्तार 

पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) पापिया सुल्ताना ने बताया कि इस घटना में शामिल होने के संदेह में 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
 
एसपी पापिया सुल्ताना ने कहा क‍ि पुलिस ने गोलीबारी के दोषियों की तलाश शुरू कर दी है। अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 
 
पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जा रही है। गोलियां किसने चलाईं, अक्षय और सागर को निशाना क्यों बनाया गया और क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी- इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
 
पुलिस की जांच टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी है ताकि वारदात की असली वजह का जल्द खुलासा हो सके।