विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्दी में धार्मिक अभिवादन पर बढ़ा विवाद, खड़गपुर की एडिशनल एसपी बुशरा बानो का तबादला; वीडियो पर मचा था बवाल

Published: Tue, 15 Sep 2026 02:56 AM (IST)

खड़गपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुशरा बानो के एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें धार्मिक शब्दों ...और पढ़ें

खड़गपुर एएसपी बुशरा बानो का वीडियो विवाद के बाद तबादला

खड़गपुर एएसपी बुशरा बानो का वीडियो विवाद के बाद तबादला

HighLights

  1. खड़गपुर एएसपी बुशरा बानो के इंटरनेट वीडियो पर विवाद।

  2. वीडियो में धार्मिक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठे।

  3. विवाद के बाद बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के खड़गपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुशरा बानो के इंटरनेट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो को लेकर विवाद शुरू हो गया है। वीडियो में बुशरा ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की रिहायशी कोचिंग अकादमी और प्रतियोगी परीक्षाओं समेत उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उसकी भूमिका के बारे में बताया था।

विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा के तौर पर उन्होंने वहां से मिले सहयोग का भी उल्लेख किया। वीडियो की शुरुआत और अंत में ‘अस्सलामुअलैकुम’, ‘इंशाअल्लाह’ और ‘जजाकल्लाह’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

‘हिंदू लीगल फंड’ नामक संगठन ने वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि सरकारी वर्दी में अधिकारी अपने पद का उल्लेख करते हुए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कैसे कर सकती हैं। संगठन ने राज्य के गृह सचिव से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

इसके जवाब में ‘मुस्लिम आइटी सेल’ नामक एक्स हैंडल ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यक होने के कारण बुशरा को निशाना बनाया जा रहा है। इधर बुशरा बानो का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह पार्थ घोष जिम्मेदारी संभालेंगे।

2021 बैच की आइपीएस अधिकारी बुशरा को राज्य सशस्त्र बल की चौथी बटालियन में उपकमांडेंट बनाया गया है। राज्य सचिवालय की ओर से तबादले को नियमित प्रक्रिया बताया गया है।

दो बार यूपीएससी में सफल हुईं बुशरा

उत्तर प्रदेश के कन्नौज की रहने वाली बुशरा ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से पीएचडी की है और सऊदी अरब के एक विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में काम कर चुकी हैं। देश लौटने के बाद उन्होंने कोल इंडिया में नौकरी की और वहीं रहते हुए यूपीएससी परीक्षा पास कर भारतीय रेल यातायात सेवा में काम किया।

इसके बाद उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर एसडीएम बनीं। दूसरी बार यूपीएससी पास कर भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुईं। दो बच्चों की मां बुशरा के लगातार दो बार यूपीएससी परीक्षा में सफल होने की भी काफी चर्चा हुई थी।