कोलकाता: नागरिक सम्मेलन से पहले विवाद, कलामंदिर ने बुकिंग के 15 दिन बाद हाल देने से किया मना
कोलकाता में मताधिकार की रक्षा पर प्रस्तावित नागरिक सम्मेलन के आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कलामंदिर ने ...और पढ़ें
-1791651657074_m.webp)
कलामंदिर ने बुकिंग के 15 दिन बाद हाल देने से किया मना (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
मताधिकार की रक्षा पर नागरिक सम्मेलन का आयोजन
कलामंदिर ने बुकिंग के बाद हॉल देने से इनकार किया
आयोजकों ने दूसरे स्थान पर कार्यक्रम करने का निर्णय लिया
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । कोलकाता में दुर्गापूजा के दौरान मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर प्रस्तावित नागरिक सम्मेलन के आयोजन पर विवाद खड़ा हो गया है। आयोजकों का आरोप है कि पहले बुकिंग स्वीकार करने के बाद कलामंदिर प्रबंधन ने निर्धारित दिन हॉल देने से मना कर दिया।
इससे नाराज माकपा नेता और अधिवक्ता विकास भट्टाचार्य ने राज्य में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति होने का आरोप लगाया है। हालांकि, आयोजकों ने सम्मेलन रद नहीं करने और तय दिन ही दूसरे स्थान पर कार्यक्रम करने का फैसला किया है।
'सेव डेमोक्रेसी' की ओर से 13 अक्टूबर को मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसकी पहल राज्यसभा के पूर्व सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य और जहर सरकार ने की है। आयोजकों ने कार्यक्रम के लिए कलामंदिर का हॉल बुक कराया था और अग्रिम के तौर पर 1,35,460 रुपये भी जमा किए थे।
लेकिन, बुकिंग के 15 दिन बाद प्रबंधन ने सूचित किया कि उस दिन सरकारी कार्यक्रम होने के कारण हॉल उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। प्रबंधन की ओर से अग्रिम राशि वापस लेने को भी कहा गया।
दूसरे स्थान पर होगा सम्मेलन, प्रकाश राज के आने की संभावना
कलामंदिर प्रबंधन के फैसले पर नाराजगी जताते हुए विकास भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राज्य में वामपंथी नाट्य दलों को भी कई जगह हाल और मंच उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
आयोजकों ने अब पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के नाम पर बने सांस्कृतिक केंद्र की जमीन पर सम्मेलन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम निर्धारित दिन ही होगा। सम्मेलन में अभिनेता प्रकाश राज के भी शामिल होने की संभावना है।
