भाजपा सांसद अर्जुन सिंह व उनके विधायक पुत्र का एनकाउंटर चाहती है पुलिस : कैलाश विजयवर्गीय
कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह व उनके विधायक पुत्र पवन सिंह का पुलिस एनकाउंटर करना चाहती है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को ममता बनर्जी सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह व उनके विधायक पुत्र पवन सिंह का पुलिस एनकाउंटर करना चाहती है। उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने ऐसी कोई कोशिश भी की तो इसके परिणाम गंभीर होंगे।
कैलाश ने ट्विटर पर लिखा, 'बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर को आज फिर पुलिस ने घेर लिया! आशंका है कि पुलिस उनका और उनके विधायक पुत्र पवन सिंह का एनकाउंटर करना चाहती है। ममता जी यदि पुलिस ने ऐसी कोई कोशिश भी की तो इसके परिणाम गंभीर होंगे।' उल्लेखनीय है कि सांसद अर्जुन सिंह खुद भी कई बार आरोप लगा चुके हैं कि राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस उनका एनकाउंटर करना चाहती है। पिछले दिनों उन्होंने एक आइपीएस अधिकारी के खिलाफ राज्यपाल से शिकायत भी की थी।
इसके बाद राज्यपाल ने इसको लेकर राज्य के गृह विभाग से जवाब मांगा था। हालांकि राज्य सरकार व पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया था। बता दें कि अर्जुन सिंह पहले तृणमूल कांग्रेस में ही थे। 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा था।