जलपाईगुड़ी में अब बिना लाउडस्पीकर के होगी अजान, मस्जिद समितियों ने की लिखित आदेश मांगा
जलपाईगुड़ी के धूपगुड़ी में मस्जिदों ने लाउडस्पीकर के बिना अजान देना शुरू कर दिया है, हालांकि उन्होंने लिखित सरकारी आदेश के बिना लाउडस्पीकर हटाने से इनकार कर दिया है।

जलपाईगुड़ी मस्जिदों में लाउडस्पीकर के बिना अजान शुरू हुई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, धूपगुड़ी। बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के रोक के बाद मस्जिदों में अब अजान बिना स्पीकर के करने का फैसला लिया गया है। हालांकि मस्जिद समितियों ने लाउडस्पीकर हटाने से मना कर दिया है। मस्जिद समितियों ने पुलिस से लिखित सरकारी आदेश दिखाने को कहा है।
धूपगुड़ी जामा मस्जिद समेत क्षेत्र की विभिन्न मस्जिद समितियों के इमामों और मुअज्जिनों के साथ पुलिस की एक बैठक हुई। मस्जिद समिति के अनुसार पुलिस ने बैठक में मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर हटाने का निर्देश दिया। समिति ने कहा कि जब तक राज्य सरकार की ओर से कोई लिखित आदेश या आधिकारिक नोटिस जारी नहीं होता, तब तक मस्जिद से लाउडस्पीकर नहीं हटाए जाएंगे।
मस्जिद समितियों ने लिखित सरकारी आदेश की मांग की
केवल पुलिस के मौखिक निर्देश के आधार पर कोई कार्रवाई संभव नहीं है। फिलहाल प्रशासन के निर्देश का सम्मान करते हुए मस्जिद समितियों ने लाउडस्पीकर से अजान देना बंद कर दिया है। अब मस्जिदों में बिना लाउडस्पीकर के केवल सामान्य आवाज से अजान दी जा रही है। मस्जिद में लगे लाउडस्पीकर, स्पीकर, एम्पलीफायर और अन्य उपकरण यथावत अपनी जगह पर मौजूद हैं, लेकिन उनका उपयोग पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में धूपगुड़ी जामा मस्जिद के मुअज्जिन महमूद हसन ने कहा कि पुलिस की ओर से बैठक बुलाई गई थी। बैठक में मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाने के लिए कहा गया। लेकिन हमने लाउडस्पीकर नहीं हटाए हैं। हमने उनसे लिखित आदेश या सरकारी नोटिस मांगा है। वह मिलने के बाद ही लाउडस्पीकर हटाए जाएंगे। फिलहाल लाउडस्पीकर से अजान बंद कर दी गई है और बिना लाउडस्पीकर के अजान दी जा रही है।
