किन्नर की संदिग्ध हालत में मौत मामले में आइटी कर्मी गिरफ्तार
- एक जनवरी को फ्लैट में फंदे से लटकता मिला था शव - सात साल से दोनों के बीच था संबंध जागरण
- एक जनवरी को फ्लैट में फंदे से लटकता मिला था शव
- सात साल से दोनों के बीच था संबंध
जागरण संवाददाता, विधाननगर : बागुईआटी थानांतर्गत जगतपुर के चरकतल्ला में एक किन्नर की संदिग्ध हालत में मौत की जांच में उतरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसका नाम आदित्य प्रसाद है। वह पेशे से आइटी कर्मी बताया जा रहा है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसे गुरुवार की रात बागुईआटी इलाके से ही पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर पुलिस ने पूछताछ शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक जगतपुर के चरकतल्ला इलाके में स्थित एक फ्लैट से विगत एक जनवरी को किन्नर का शव फंदे से लटकता शव बरामद हुआ था। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस ने जांच शुरु की थी। मृतका के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल्स खंगाला तो आदित्य के बारे में पता चला, जिसने 31 दिसंबर की रात उसने कई बार बातें की थी। पुलिस ने कॉल डिटेल्स के आधार पर बागुईआटी से ही आदित्य को हिरासत में ले लिया। पूछताछ शुरु की, तो पता चला कि मृतका को वह पिछले सात महीने से जानता है। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बनते थे। युवक ने बताया कि 31 दिसंबर की देर रात नव वर्ष की पार्टी मनाने के लिए पार्टनर किन्नर उसे अपने फ्लैट में बुला रही थी। पर उसने दफ्तर में ही पार्टी चलने का हवाला देकर आने से मना कर दिया। उसके अगले दिन यानी एक जनवरी को जब उसने फोन किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। बाद में उसके खुदकशी कर लिए जाने की जानकारी मिली। आदित्य से पूछताछ के बाद पुलिस ने उस पर खुदकशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया।