इस्कॉन की विश्व धरोहर परियोजना को लेकर फोर्ड से मिले जिंदल
मायापुर स्थित इस्कॉन मुख्यालय में शुक्रवार को विश्व उद्योग जगत के चार दिग्गज मिले।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : मायापुर स्थित इस्कॉन मुख्यालय में शुक्रवार को विश्व उद्योग जगत के चार दिग्गज मिले। एजेंडा था इस्कॉन की प्रस्तावित विश्व धरोहर केंद्र परियोजना पर चर्चा। जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल, फोर्ड कंपनी के अध्यक्ष एलफ्रेड फोर्ड, एस्सेल ग्रुप के अशोक गोयल व वेलस्पन के चेयरमैन बीके गोयनका की बैठक में परियोजना की भावी रूपरेखा पर चर्चा हुई।
इस्कॉन के प्रवक्ता के अनुसार विश्व धरोहर केंद्र की स्थापना नवद्वीप में 700 एकड़ जमीन पर होगी। 3,000 करोड़ रुपए की इस परियोजना के साथ 500 करोड़ की लागत से वैदिक प्लेनेटेरियम मंदिर का निर्माण होगा। परियोजना का उद्घाटन 2022 में होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि नवद्वीप श्री चैतन्य महाप्रभु का जन्मस्थान है।
इस परियोजना को पूरी करने के लिए गठित होने वाली कमेटी का अध्यक्ष सज्जन जिंदल को प्रस्तावित किया गया है।
गौरतलब है कि एलफ्रेड फोर्ड मशहूर फोर्ड कंपनी के संस्थापक हैरिसन फोर्ड के पोते हैं। वह समर्पित इस्कॉन भक्त हैं। उनका बाकायदा नामकरण अंबरीश दास के रूप में किया गया है।
विश्व धरोहर केंद्र की परिकल्पना इस्कॉन की है। इस परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी खासी उत्साहित हैं। माना जा रहा है कि परियोजना पूरी होने के बाद प्रदेश में पर्यटन को खासा बढ़ावा मिलेगा।
विश्व धरोहर केंद्र में 45 अलग-अलग देशों के धार्मिक शिविरों की स्थापना होगी, जहां उक्त देश की सांस्कृतिक विशेषता, भोजन व जीवनशैली का विस्तारपूर्वक विवरण होगा। धार्मिक शिविरों के अलावा केंद्र में चार थीम आधारित मनोरंजन पार्क की भी स्थापना होगी।