विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आई-पैक के कोलकाता ऑफिस पर लटका ताला, पुराने वफादार अब भी TMC के चुनावी अभियान में सक्रिय

Published: Mon, 20 Apr 2026 10:32 PM (IST)

कोलकाता के साल्टलेक स्थित आई-पैक कार्यालय में कामकाज बंद होने से राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा गया है।

आई-पैक के कोलकाता ऑफिस पर लटका ताला(फाइल फोटो)

आई-पैक के कोलकाता ऑफिस पर लटका ताला(फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महानगर के साल्टलेक के सेक्टर फाइव स्थित तृणमूल कांग्रेस की सलाहकार संस्था आई-पैक का कार्यालय इन दिनों सन्नाटे और अंधेरे में डूबा हुआ है। शनिवार देर रात संस्था के कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल ने राज्य की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है, जिसमें कानूनी बाध्यताओं का हवाला देते हुए सभी आपरेशन 20 दिनों के लिए बंद करने और कर्मचारियों को छुट्टी पर जाने का निर्देश दिया गया है।

सोमवार को आई-पैक मुख्यालय की 11वीं मंजिल पर सन्नाटा पसरा रहा। दफ्तर के प्रवेश द्वार पर जंजीर और ताला लटका मिला। हालांकि, अंदर हाउसकीपिंग के कुछ कर्मचारी साफ-सफाई करते नजर आए, लेकिन काम पूरी तरह ठप दिखा।

दिलचस्प बात यह है कि जहां तृणमूल कांग्रेस ने इस खबर को 'आधारहीन' बताते हुए दावा किया है कि आई-पैक की टीम पूरी सक्रियता से काम कर रही है, वहीं आई-पैक संस्था की ओर से इस छुट्टी वाले ईमेल पर अब तक कोई आधिकारिक खंडन नहीं आया है।

कर्मचारियों को मिली 20 दिन की छुट्टी

सूत्रों के मुताबिक, आई-पैक ने आधिकारिक तौर पर 20 दिन की छुट्टी की बात कही है, लेकिन मौखिक रूप से कर्मचारियों को विकल्प दिया गया है कि जो चाहें वे चुनाव तक अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

कई पुराने और भरोसेमंद कर्मचारी अभी भी तृणमूल के समन्वय में जुटे हैं, लेकिन वे संस्था के आधिकारिक ईमेल या वाट्सएप ग्रुप के बजाय व्यक्तिगत माध्यमों का उपयोग कर रहे हैं।

ममता बनर्जी का हस्तक्षेप 

इस अनिश्चितता के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हस्तक्षेप करते हुए कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि वह किसी की नौकरी नहीं जाने देंगी। वहीं सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने भी कहा कि पार्टी किसी का करियर बर्बाद नहीं होने देगी।

आई-पैक के दफ्तर में महात्मा गांधी की तस्वीर के ऊपर लिखा है। "द बेस्ट पालिटिक्स इज राइट एक्शन"। वर्तमान परिस्थितियों में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह 'एक्शन' चुनाव के नतीजों पर क्या असर डालता है और यह संस्था कब दोबारा सक्रिय होती है।