India China Border Dispute: कोलकाता में रहने वाले चाइनीज चाहते हैं भारत दे चीन को मुंहतोड़ जवाब
चीन से आकर कुछ दो तो कई तीन पीढ़ियों से कोलकाता में रह रहे है। इन नागरिकों ने मजबूरी में सही लेकिन खुले तौर पर भारत को अपना देश बताते हुए चीन को मुंह तोड़ जवाब देने की मांग की
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: कोलकाता में रह रहे चीनी नागरिकों ने खुले तौर पर भारत को अपना देश बताते हुए चीन को मुंह तोड़ जवाब देने की मांग की है। यहां रहने वाले चीनी नागरिक बांग्ला भाषा से लेकर हिंदी और अंग्रेजी भी बोलते हैं। खानपान भी काफी हद तक बदल चुका है। परंतु, ये लोग चीन की दीवार की तरह अपनी जातीय पहचान और संस्कृति को बनाए हुए हैं।बावजूद इसके भारत के पक्ष में बोल रहे हैं। वर्ष 1962 में जब भारत और चीन में युद्ध हुआ था तो इन लोगों की जान पर बन आई थी। अब जब कि एक बार फिर चीन के साथ टकराव बढ़ गया है तो यहां रहने वाले चीनी परेशान हैं। इसे देखते हुए कोलकाता पुलिस चीनी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। मुंबई के बाद कोलकाता में सबसे ज्यादा चीनी नागरिक रहते हैं।
कोलकाता में चीनी नागरिकों की संख्या ढाई हजार के आसपास है। टेंगरा में रहने वाले एक चीनी ली परिवार ने गुरुवार को कहा कि भारत हमारा देश है, भारत को चीन को सबक सिखाना चाहिए। यही हम चाहते हैं। ली परिवार की छोटी बेटी डोरिसा ने कहा कि मेरे पूर्वज चीनी हैं, मैंने उन्हें कभी नहीं देखा। भारतीय सैनिकों पर हमला करने वालों को दंडित किया जाना चाहिए। भारत में रह रहे चीनियों की सबसे बड़ी आबादी कोलकाता के टेरिटरी बाज़ार और टेंगरा इलाके में है। जब कोरोना फैला तो उसे लेकर भी इन लोगों पर अंगूली उठने लगी थी।
अपनी रोजी-रोटी को लेकर हैं चिंतित
-अब जब कि चीनी सेना के साथ टकराव में बीस भारतीय सेना शहीद हो गए हैं तो यहां के स्थानीय लोगों की निगाहें इन लोगों पर टेढी हो गई है। क्योंकि, पूरे देश में चीनी उत्पादों के बहिष्कार की अपील हो रही है। एेसे में ली परिवार को यह भी डर है कि भारतीय चीनी भोजन का बहिष्कार कर सकते हैं। अगर ऐसा है,तो उनका संसार कैसे चलेगा। क्योंकि, चाइनीज फूड का वे धंधा करते हैं। ली परिवार का कहना है कि लॉकडाउन में ढाई माह से धंधा बंद है। एक ओर नौकरी का संकट है और उस पर यह विवाद।
दशकों से कोलकाता में रहते हैं हजारों चाइनीज
- ली परिवार की तरह टेंगरा में कई चीनी परिवार हैं, जिनके पूर्वज पिछले 100 वर्षों से भारत में रह रहे हैं। कोलकाता में रहने वाले चीनी नागरिक अपना खुद का कारोबार करते हैं। ज्यादातर चीनी नागरिक जूते के कारोबार से जुड़े हुए हैं तो कुछ दूसरे कारोबार से जुड़े हैं। चीनी नागरिकों की दुकानें खिदिरपुर, धर्मतल्ला, बड़ाबाजार आदि इलाकों में हैं। टेंगरा इलाके में चाइना टाउन के नाम से चीनियों का यह इलाका मशहूर है।