चुनाव से पहले ही राजनीतिक हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हुई
हमले का आरोप तृणमूल समर्थकों पर है। हालांकि तृणमूल ने भाजपा के आरोप को नकार दिया है।
बैरकपुर/नदिया, संवाद सूत्र। पंचायत चुनाव का दिन करीब आने के साथ ही प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं में वृद्धि होती जा रही है। बीती रात बादुड़िया थाना अंतर्गत उत्तर जसाइकाठी के उलबेड़िया अंचल में तृणमूल प्रत्याशी मनीरुल मंडल सहित तृणमूल के कई कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। इस हमले में प्रत्याशी सहित कई समर्थक जख्मी हो गये।
दूसरी ओर नदिया के नकाशीपाड़ा थाना क्षेत्र में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष की चुनावी जनसभा से घर लौट रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। हमले में सात से आठ कार्यकर्ता जख्मी हो गये। उनमें से चार कार्यकर्ता बेथुआडहरी ग्रामीण अस्पताल में चिकित्साधीन है।
बुधवार रात हासनाबाद में तृणमूल प्रत्याशी के भाई को गोली मारी गई। उसकी अगली रात अर्थात गुरुवार की रात 11 बजे बादुड़िया में तृणमूल प्रत्याशी मनीरुल मंडल पर हमला हुआ। वह उत्तर जसाइकाठी पंचायत के 107 नंबर बूथ के प्रत्याशी है। रात में चुनाव प्रचार समाप्त कर मनीरुल स्थानीय अल्प संख्यक सेल के अध्यक्ष नूर हुसैन और कुछ समथकरें के संग घर लौट रहे थे।
उलबेड़िया अंचल में लाठी, राड से लैस कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। सबकी बेधड़क पिटाई करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने समस्त घायलों को बादुड़िया ग्रामीण अस्पताल में ले गए, जहा नूर हुसैन सहित अन्य जख्मी समर्थकों को मरहम पट्टी के बाद छोड़ दिया गया। मनीरुल मंडल के जख्म गंभीर होने के कारण उसे बशीरहाट जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
आरोप है कि हमलावर माकपा समर्थित बदमाश थे। हालांकि इस आरोप को खारिज करते हुए माकपा नेताओं ने प्रत्यारोप लगाया कि हमले के पीछे तृणमूल का गुटीय कलह है जिसका ठिकरा माकपा के सिर पर फोड़ा जा रहा है। दूसरी ओर गुरुवार रात नकाशीपाड़ा के युगपुर से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की सभा से लौट रहे 7-8 भाजपा कार्यकर्ता हमले का शिकार हो गये। राजापुर अंचल में उनपर हमला हुआ।
आरोप है कि पहले एक घर से उनपर ईट पत्थर फेंका गया। खुद का बचाव करने में वे इधर उधर बिखर गये। तब लाठी, बांस से उन्हें पीटा गया। हमले की सूचना पाकर सभास्थल से भाजपा के अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे। जख्मी कर्मियों को वे अस्पताल ले गये। हमला करने के प्रतिवाद में भाजपा के नेता और समर्थकों नकाशीपाड़ा थाना का घेराव कर आक्रोश प्रकट किया। वे हमलावरों को गिरफ्तार करने की माग कर रहे थे। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। हमले का आरोप तृणमूल समर्थकों पर है। हालांकि तृणमूल ने भाजपा के आरोप को नकार दिया है।