West Bengal: 11 साल छोटे प्रेमी के साथ घर बसाने की चाहत में महिला ने पति को नींद की दवा दे कर प्रेमी के साथ गला घोंटकर हत्या कर दी
महिला ने पहले अपने पति को नींद की दवा खिलाई और फिर प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की तकिये से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में मुसलीमा बीबी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। 11 साल छोटे प्रेमी के साथ घर बसाने की चाहत में एक महिला ने पहले अपने पति को नींद की दवा खिलाई और फिर प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की तकिये से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना महानगर से सटे केएलसी थानांतर्गत भांगड़ के बामनघाटा इलाके की है। मृतक का नाम अनसूर अली गाजी (53) है। वहीं हत्या का आरोप उसकी पत्नी मुसलीमा बीबी और उसके प्रेमी सईदुल शेख पर लगा है। पुलिस ने मामले में मुसलीमा बीबी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस मामले में फरार सईदुल शेख की तलाश कर रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार गुरुवार की रात अनसूर की मौत हुई और उसने अंतिम सांस ली। इसके बाद शुक्रवार की सुबह घटना में नया मोड़ आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मुसलीमा बीबी का सईदुल शेख नामक युवक के साथ अवैध संबंध था। इसका पता चलने पर मुसलीमा और उसके पति अनसूर अली के बीच आए दिन झगड़ा रहता था। ऐसे में अपने प्रेमी के साथ नया जीवन बसाने की आस में मुसलीमा ने अपने पति अनसूर अली की हत्या की साजिश रची और और फिल्मी तरीके से उसे अंजाम भी दिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मुसलीमा बीबी ने बताया कि बीच का कांटा हटाने के लिए उसने पति की हत्या की योजना बनायी थी। गुरुवार की रात को उसने पहले अपने पति को भोजन के साथ नींद की दवा खिलायी और फिर तकिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पति की हत्या करने में मुसलीमा की मदद सईदुल शेख उर्फ छोटू ने किया था। इस बीच शुक्रवार की सुबह अनसूर की नींद नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में पता चला कि अनसूर की हत्या गला घोंटकर की गयी है।