विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाइक से खींचकर कहीं भी ले जा सकेंगे दुकान, छोटे कारोबारियों के लिए IIT खड़गपुर का अनोखा मॉडल 

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:26 PM (IST)

आईआईटी खड़गपुर ने छोटे कारोबारियों के लिए 'नगर उद्यम' पहल के तहत सौर ऊर्जा से चलने वाला स्मार्ट ठेला विकसित किया है।

सौर ऊर्जा संचालित, मोटरसाइकिल से खींचने योग्य स्मार्ट ठेला विकसित।

सौर ऊर्जा संचालित, मोटरसाइकिल से खींचने योग्य स्मार्ट ठेला विकसित।

HighLights

  1. सौर ऊर्जा संचालित, मोटरसाइकिल से खींचने योग्य स्मार्ट ठेला विकसित।

  2. छोटे कारोबारियों को कम लागत में व्यवसाय शुरू करने का अवसर।

  3. सड़क अतिक्रमण कम करने और आजीविका संतुलन में सहायक।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुकान खोलने के लिए अब स्थायी जगह किराए पर लेना या सड़क किनारे स्थायी ढांचा खड़ा करना जरूरी नहीं होगा। आइआइटी खड़गपुर ने छोटे कारोबारियों को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से ‘नगर उद्यम’ पहल के तहत सौर ऊर्जा से संचालित स्मार्ट ठेला तैयार किया है।

तीन पहियों वाले स्मार्ट ठेले को मोटरसाइकिल से खींचकर ग्राहक और मांग के अनुसार विभिन्न जगहों पर ले जाया जा सकेगा। दुकानदारी खत्म होने के बाद इसे घर भी लाया जा सकेगा। इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को कम लागत में अपना व्यवसाय शुरू करने और उसे विस्तार देने का अवसर उपलब्ध कराना है।स्मार्ट ठेले को लगभग 30 किलोमीटर की दूरी तक ले जाने की व्यवस्था करने की परिकल्पना है।

हालांकि, इसके लिए वास्तविक परिचालन, सड़क सुरक्षा और खींचकर ले जाने की व्यावहारिकता का परीक्षण जरूरी है। इसका एक महत्वपूर्ण उद्देश्य आजीविका और सार्वजनिक स्थानों के बीच संतुलन बनाना भी है। सड़क किनारे स्थायी रूप से जगह घेरने के बजाय कारोबारी जरूरत के अनुसार अधिकृत स्थानों पर ठेला लगा सकेंगे और काम पूरा होने के बाद उसे हटा सकेंगे। इससे सड़क पर अतिक्रमण कम करने में भी मदद मिलेगी।

सौर ऊर्जा और बैटरी भंडारण की व्यवस्था

स्मार्ट ठेले में सौर ऊर्जा और बैटरी भंडारण की व्यवस्था है, जिससे कम बिजली खपत वाले जरूरी उपकरण चलाए जा सकेंगे। इसमें खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने के लिए ढका हुआ प्रदर्शन क्षेत्र, खाद्य सामग्री के अनुकूल सतह, पानी और तेल के बेहतर प्रबंधन तथा कचरे को तीन श्रेणियों में अलग करने की व्यवस्था भी शामिल है।

इस पहल का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा ‘सेतु क्लाउड किचन कनेक्ट’ व्यवस्था है। इसके माध्यम से कारोबारियों को डिजिटल पहचान, क्यूआर आधारित सुविधा, नकदी रहित भुगतान, प्रशिक्षण और वित्तीय समावेशन से जोड़ने का लक्ष्य है।