माझेरहाट ब्रिज पर सरकार को किया गया था अगाह
इंजीनियरिंग और परामर्शदाता एजेंसी आरईटीईएस (राइट्स) ने 2016 में पश्चिम बंगाल सरकार को माझेरहाट ब्रिज समेत शहर के कई पुलों की खराब स्थिति पर चेतावनी दी थी।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। इंजीनियरिंग और परामर्शदाता एजेंसी आरईटीईएस (राइट्स) ने 2016 में पश्चिम बंगाल सरकार को माझेरहाट ब्रिज समेत शहर के कई पुलों की खराब स्थिति पर चेतावनी दी थी। लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक सरकार माझेरहाट पुल की मरम्मत कार्य शुरू करने के पक्ष में थी लेकिन नौकरशाही की लापरवाही के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। सरकार ने शहर के सभी पुलों के की स्थिति की जांच के लिए एक निगरानी कमेटी बनाने का निर्णय किया है।
पीडब्ल्यूडी के सूत्रों के मुताबिक माझेरहाट ब्रिज की मरम्मत के लिए टेंडर जारी कर दिया गया था। शीघ्र ही महानगर के सभी पुलों की स्थिति को देखने के लिए निगरानी समिति गठित की जाएगी।
मार्च 2016 में महानगर में विवेकानंद फ्लाईओवर के गिरने के बाद सरकार ने कोलकाता में विभिन्न पुलों और फ्लाइओवर की स्थिति की समीक्षा करने के लिए रेल इंडिया तकनीकी और आर्थिक सेवा (आरईटीईएस) की सेवाएं ली थी। आरईटीईएस ने माझेरहाट पुल की स्थिति के बारे में चेतावनी दी थी और सलाह दी थी कि मरम्मत कार्य शरू किया जाना चाहिए। इसके बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका।