बंगाल:50 लाख की वसूली मामले में I-PAC प्रमुख के पूर्व निजी सहायक का नाम, अभिषेक बनर्जी के पीए भी शामिल
50 लाख रुपये की कथित वसूली और धोखाधड़ी मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक ...और पढ़ें

50 लाख की वसूली के आरोप में सौम्यजीत सेन का नाम
HighLights
आइपैक प्रमुख के पूर्व निजी सहायक सौम्यजीत सेन का नाम जुड़ा।
अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय भी मामले में शामिल।
रेत कारोबारी से 50 लाख रुपये की कथित वसूली का आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। 50 लाख रुपये की कथित वसूली और धोखाधड़ी के मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय के साथ आइपैक प्रमुख प्रतीक जैन के तत्कालीन निजी सहायक सौम्यजीत सेन का नाम भी जुड़ गया है।
बांकुड़ा के रेत कारोबारी नादिया चौधरी की शिकायत के आधार पर शालबनी थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, 2024 में रेत ढुलाई के दौरान ट्रकों में निर्धारित मात्रा से अधिक रेत ले जाने की प्रशासनिक अनुमति दिलाने के नाम पर उनसे कई चरणों में रकम मांगी गई। कारोबारी का आरोप है उनसे सबसे पहले 50 लाख रुपये की मांग की थी।
भरोसा दिलाया गया था कि रकम देने पर ओवरलोड रेत ढुलाई में प्रशासन की ओर से कोई बाधा नहीं आएगी। कारोबारी के अनुसार, पहले उन्होंने रकम देने से इनकार किया, लेकिन कारोबार बंद कराने और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद वह तैयार हो गए। इसके बाद उन्हें कैमक स्ट्रीट स्थित आइपैक कार्यालय जाने को कहा गया।
कार्यालय में नकद भुगतान का दावा
शिकायतकर्ता का दावा है कि कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में उन्होंने प्रतीक जैन के तत्कालीन निजी सहायक सौम्यजीत सेन को सीधे 19 लाख 62 हजार रुपये नकद दिए थे। इस मामले में पिछले जून में सुमित राय, सौम्यजीत सेन समेत कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और वसूली की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
अब पुलिस यह जांच कर रही है कि कथित वसूली में सुमित राय और सौम्यजीत सेन की क्या भूमिका थी और क्या प्रशासनिक प्रभाव का हवाला देकर कारोबारी से रकम वसूली गई। जांच के तहत पुलिस आरोपितों को पूछताछ के लिए बुला सकती है।
