प्रेम मार्ग में अड़चन बन रहे पति को पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी
प्रेम मार्ग में अड़चन बन रहे पति को पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी।
बैरकपुर, संवाद सूत्र। प्रेम मार्ग में अड़चन बन रहे पति को पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। बशीरहाट में प्रेमी संग अवैध संबंध रखने में रोड़ा बने पति को अपने मार्ग से हटाने के लिए शिल्पा देवनाथ (25) ने गलाघोट कर पति की हत्या कर दी। पति कमल देवनाथ की मौत पर जब घरवालों ने सवाल खड़ा किया तो वह घबराकर भागने लगी। इस दौरान ससुराल वालों ने उसे पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। प्राथमिक पूछताछ के बाद पुलिस ने उस अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
बशीरहाट थानांतर्गत पाकड़ातला के स्मृतिसंघ पाड़ा के रहने वाला कमल देवनाथ (28) के संग उसी अंचल की रहने वाली शिल्पा की शादी पांच साल पहले हुई थी। उक्त दंपती का दो साल का बेटा है। बताया कि काफी सुंदर दिखने वाली शिल्पा का अपने ही इलाके के युवक अनारुल मंडल संग शादी पूर्व से अवैध संबंध था। यह संपर्क उसके घर वालों को मंजूर नहीं था। इस बात को छुपाकर वे अपनी बेटी की शादी कमल के साथ कर दी।
शादी के एक साल बाद ही उसने फिर से अपने प्रेमी के साथ मेलजोल बढ़ा लिया। कमल पत्नी व मां को लेकर अलग रहता था। नौकरी के सिलसिले में वह बैंगलुरू में रहता था। इसी साल उसकी मां का निधन हो गया। मां के निधन के बाद वह नौकरी छोड़कर घर लौट आया।
उसकी भाभी अल्पना देवनाथ ने बताया कि संतान को जन्म देने के बाद भी शिल्पा के स्वभाव में कोई परिवर्तन नही आया। पति व बच्चे को छोड़कर वह प्रेमी संग भाग गई थी। शहर में जाकर वह अनारुल मंडल के साथ रहने लगी। 15 दिन उस युवक के साथ गुजारने के बावजूद उसका देवर उसे समझा बुझाकर घर ले आया।
देवर की उदारता को उसने गलत तरीके से लिया। घर वापस आने के बाद वह और बेखौफ होकर अपने प्रेमी के साथ सैर और मस्ती करने लगी। मृतक के बड़े भाई कौशिक देवनाथ ने बताया कि भाई की हत्या किए जाने की जानकारी उसे एक व्यक्ति ने उसे फोन से दी। फोन पाकर वह कमल के घर पहुंचा। उस समय उसकी पत्नी ने कहा कि वह सो रहे हैं।
कमल का हालचाल जानने के लिए वह उसे जगाने के लिए उसे हिलाने लगा। लेकिन उसमें कोई स्पंदन नहीं मिला। तब कुछ लोगों की मदद से वह भाई को बशीरहाट अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान डाक्टर की नजर कमल का गले पर पड़ी, जहां निशान मिले। डाक्टर ने उस निशान पर सवाल उठाया। इसके बाद ही शिल्पा पकड़ी गई।