विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल के हावड़ा में भाजपा बूथ अध्यक्ष को मारी गोली, तृणमूल नेता गिरफ्तार

Published: Sun, 04 Oct 2026 09:09 PM (IST)

हावड़ा के बांकरा में भाजपा बूथ अध्यक्ष तापस दास को धमकाने और गोली चलाने के आरोप में स्थानीय तृणमूल नेता बिल्लाल हुसैन को गिरफ्तार किया गया है।

तृणमूल नेता गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

तृणमूल नेता गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. हावड़ा के बांकरा में भाजपा बूथ अध्यक्ष पर गोली चली।

  2. स्थानीय तृणमूल नेता बिल्लाल हुसैन को पुलिस ने पकड़ा।

  3. गोली दीवार पर लगी, लोग सुरक्षित, जांच जारी है।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हावड़ा के बांकरा में भाजपा बूथ अध्यक्ष को कथित तौर पर धमकाने के बाद गोली चलाने के आरोप में पुलिस ने स्थानीय तृणमूल नेता बिल्लाल हुसैन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात जापानी गेट इलाके की है। हावड़ा नगर निगम के 49 नंबर वार्ड के धारापाड़ा निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष तापस दास का आरोप है कि वह कुछ लोगों के साथ सड़क किनारे एक कमरे में बैठे थे।

उसी दौरान बिल्लाल वहां पहुंचा और धमकी देने लगा। कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर आग्नेयास्त्र निकालकर गोली चला दी। गोली कमरे की दीवार में लगी और वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

गोली चलाने के बाद आरोपित मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। तापस का आरोप है कि भाजपा से जुड़े होने के कारण उन्हें निशाना बनाकर जान से मारने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में बिल्लाल को गिरफ्तार कर लिया।

रविवार को उसे हावड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार और गोली चलाने के कारणों की भी जांच कर रही है।