बंगाल: हावड़ा बस स्टैंड से अपहरण मामले में एक्शन, लिलुआ में छापा मारकर हथियार समेत सात गिरफ्तार
हावड़ा बस स्टैंड से अपहृत प्यारेलाल को लिलुआ के एक फ्लैट से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने संयुक्त ...और पढ़ें
-1790945026557_m.webp)
लिलुआ में छापेमारी कर 7 आरोपी गिरफ्तार
HighLights
हावड़ा बस स्टैंड से प्यारेलाल का अपहरण हुआ।
लिलुआ में छापेमारी कर 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
पुलिस ने आग्नेयास्त्र और कारतूस भी जब्त किए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। हावड़ा बस स्टैंड के पास से एक व्यक्ति के अपहरण के मामले में गोलाबाड़ी और लिलुआ थाने की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। लिलुआ झील रोड स्थित एक बहुमंजिली इमारत के फ्लैट से अपहृत प्यारेेलाल को बरामद किया गया। पुलिस ने वहां से सात आग्नेयास्त्र और 50 कारतूस समेत अन्य सामान भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को हावड़ा बस स्टैंड के पास रेलवे सबवे के सामने से बाइक सवार बदमाश प्यारेेलाल को जबरन उठा ले गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इससे मिले सुराग के आधार पर गुरुवार रात लिलुआ के झील रोड स्थित फ्लैट में छापेमारी की गई। वहां से प्यारेेलाल को बरामद करने के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से नौ मोबाइल फोन और एक टैब भी मिले हैं।
16 साल जेल काट चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में राहुल मल्लिक भी है, जिसे अपहरण गिरोह का मुख्य आरोपित बताया जा रहा है। वह हत्या के एक मामले में 16 साल की सजा काटकर हाल में जेल से बाहर आया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों और प्यारेलाल के बीच पहले से परिचय था।
प्रारंभिक जांच में अपहरण के पीछे मोटी रकम वसूलने का उद्देश्य होने की बात सामने आई है। हावड़ा सिटी पुलिस के डीसीपी (उत्तर) अम्लान कुसुम घोष ने बताया कि अपहरण के वास्तविक उद्देश्य की जांच की जा रही है। शुक्रवार को सभी आरोपितों को हावड़ा अदालत में पेश किया गया।
