विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'इंशाअल्लाह', एक वीडियो से कैसे विवादों में घिर गईं बंगाल की आईपीएस बुशरा बानो?

Published: Thu, 17 Sep 2026 11:38 AM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2026 11:49 AM (IST)

यूपीएससी सफर पर बने वीडियो में धार्मिक शब्दों के इस्तेमाल से घिरीं बंगाल की आईपीएस बुशरा बानो का विवादों के बीच खड़गपुर से तबादला कर दिया गया है।

HighLights

  1. आईपीएस बुशरा बानो वीडियो से विवादों में घिरीं।

  2. खड़गपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद से हटाई गईं।

  3. यूपीएससी सफलता और एएमयू योगदान का वीडियो था।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की एक युवा आईपीएस अधिकारी बुशरा बानो सोशल मीडिया पर अपने एक वीडियो को लेकर बड़े विवाद में घिर गई हैं। वीडियो सामने आने के कुछ ही दिनों बाद उन्हें खड़गपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद से हटा दिया गया है।

पूरे मामले को ऐसे समझिए कि 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी बुशरा बानो ने 13 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी यूपीएससी (UPSC) की सफलता की यात्रा साझा की थी और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) की रेसिडेंशियल कोचिंग एकेडमी के योगदान के बारे में बताया था।

वीडियो में बानो ने क्या-क्या कहा?

बता दें कि वीडियो की शुरुआत बुशरा बानो ने अस्सलामुअलैकुम से की, अपनी बात के दौरान इन्शाल्लाह शब्द का इस्तेमाल किया और अंत जजाकल्लाह कहकर किया।

अब क्यों उठ रहे सवाल?

इस बात को ऐसे समझिए  वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कई यूजर्स ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि एक सरकारी पद पर बैठी अधिकारी ने अपने संबोधन में जय हिंद या वंदे मातरम जैसे राष्ट्रीय शब्दों का इस्तेमाल क्यों नहीं किया।

'हिंदू लीगल फंड' नामक एक एक्स हैंडल ने दावा किया कि उसने इस मामले में बंगाल के गृह सचिव को शिकायत भेजी है। उनका आरोप था कि भारतीय राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एक सेवारत अधिकारी को सार्वजनिक संचार में निष्पक्षता रखनी चाहिए और राष्ट्रीय अभिव्यक्तियों का उपयोग करना चाहिए।

अब समझिए क्या कार्रवाई हुई?

गौरतलब है कि इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बुशरा बानो को खड़गपुर के अतिरिक्त एसपी पद से हटा दिया गया। उन्हें अब स्टेट आर्मड पुलिस का डिप्टी कमांडेंट बना दिया गया है।

हालांकि, सरकार की ओर से जारी ट्रांसफर ऑर्डर में आधिकारिक तौर पर इस वीडियो या सोशल मीडिया विवाद का कोई जिक्र नहीं किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत पार्थ घोष को खड़गपुर का नया अतिरिक्त एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि सुभेंदु मंडल को चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के रूप में भेजा गया है।