विष्णुपुर में गृहिणी की संदिग्ध हालत में मौत, पति व सास गिरफ्तार
- पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर हत्या का आरोप - सात साल पहले ही किया था प्रेम विवाह जाग
- पति के अवैध संबंधों का विरोध करने पर हत्या का आरोप
- सात साल पहले ही किया था प्रेम विवाह
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर थानांतर्गत बाखराहाट रोड इलाके में एक गृहिणी की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। उसकी पहचान मौसमी चडुई (24) के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति द्वारा गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित पति और उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम अभीजीत चडुई (पति) है। इस मामले में दो और लोग अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बाखराहाट निवासी मौसमी ने सात साल पहले इलाके के ही युवक अभिजीत से प्रेम विवाह किया था। एक साल बाद मौसमी ने एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि शादी के बाद से ही मौसमी के ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे थे। समस्या के समाधान के लिए पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला और मौसमी पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार जारी रहा। इसे लेकर विष्णुपुर थाने में भी शिकायत की गई, लेकिन पति व ससुराल वालों पर कोई खास असर नहीं पड़ा। आरोप है कि इस बीच अभिजीत का इलाके में ही रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध हो गया। इसकी जानकारी होने पर मौसमी-अभिजीत में प्राय: झगड़ा होने लगा। अभिजीत शराब पीकर आता और मारपीट करता। कथित रूप से बुधवार की रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और मौसमी से झगड़ने लगा। बुरी तरह पिटाई की और उसका गला घोंट दिया। पति-पति के झगड़े ओर शोर शराबा सुन पड़ोसी पहुंचे, तो मौसमी अचेतावस्था में पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार तड़के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर पाकर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। पति और ससुर के गिरफ्तार होने के बावजूद देवर और सास अभी फरार हैं।