कपड़े उतारे, कमर में रस्सी बांधकर घुमाया और फेंके अंडे, हुगली में तृणमूल नेता के साथ बर्बरता
हुगली के जंगीपाड़ा में तृणमूल नेता बाबलू शील को भ्रष्टाचार के आरोपों पर स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर रस्सी ...और पढ़ें

हुगली में तृणमूल नेता को रस्सी बांधकर घुमाया (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
तृणमूल नेता बाबलू शील को लोगों ने पीटा, कपड़े उतारे।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर कमर में रस्सी बांधकर घुमाया गया।
बाबलू ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध, भाजपा ने जन आक्रोश बताया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के हुगली जिले के जंगीपाड़ा में तृणमूल कांग्रेस के नेता और राजबलहाट-1 पंचायत के उपप्रधान बाबलू शील को कथित तौर पर लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। मंगलवार को स्थानीय लोगों के एक समूह ने उन्हें सड़क पर रोक लिया।
आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई, कपड़े उतरवाए गए और कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया गया। इस दौरान उन पर अंडे भी फेंके गए। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने बनाया।
घटना की सूचना मिलने पर जंगीपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बाबलू शील को वहां से निकालकर थाने ले गई। बाद में स्थिति सामान्य होने पर उन्हें छोड़ दिया गया। खबर के अनुसार, तृणमूल के शासनकाल में बाबलू शील पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे थे।
बाबलू ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध, भाजपा विधायक ने निंदा की
बाबलू शील ने दावा किया कि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के तहत निशाना बनाया गया और पूरी घटना सुनियोजित थी। उन्होंने इस घटना के पीछे भाजपा के लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया। हालांकि, जंगीपाड़ा के भाजपा विधायक प्रसेनजीत बाग ने इस आरोप को खारिज किया।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान पंचायत के प्रधान और उपप्रधान पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर लोगों में नाराजगी थी और मौजूदा घटना उसी गुस्से का नतीजा है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करती और घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।
